Bihar News: मिथिलांचल की पवित्र भूमि सीतामढ़ी में आज (8 अगस्त) एक ऐतिहासिक और धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। मां सीता की जन्मभूमि पुनौरा धाम में भव्य जानकी मंदिर का शिलान्यास किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, देशभर के संत-महात्मा, गणमान्य अतिथि और हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहेंगे।
गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए लिखा, “शुक्रवार का दिन पूरे देश और विशेषकर मिथिलांचल के लिए अत्यंत सौभाग्य और हर्ष का दिन होगा, जब सीतामढ़ी स्थित माता सीता की जन्मभूमि पर पवित्र पुनौरा धाम मंदिर एवं परिसर के समग्र विकास की वृहद योजना का शिलान्यास होगा।” इसी दिन वे सीतामढ़ी-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाएंगे।
शिलान्यास को लेकर पूरे मिथिलांचल में उत्सव जैसा माहौल है। सीतामढ़ी से लेकर नेपाल के जनकपुर तक घर-घर में खुशी की लहर है। मंदिर को कोलकाता से आए कुशल कारीगरों ने फूलों से सजाया है। घरों के आंगन में रंगोलियां बनाई गई हैं और गलियों में भजन-कीर्तन की मधुर ध्वनियां गूंज रही हैं। अयोध्या, काशी, जनकपुर और दक्षिण भारत से आए संत-महात्मा भी इस आयोजन में शामिल हो रहे हैं।
कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा और व्यवस्था को देखते हुए केवल साधु-संतों को ही शिलान्यास स्थल में प्रवेश की अनुमति दी गई है। आम श्रद्धालु इस पावन दृश्य का दर्शन दूर से करेंगे। अतिथियों के स्वागत के लिए दो विशाल जर्मन हैंगर तैयार किए गए हैं, जबकि आसपास का पूरा क्षेत्र भक्ति और उल्लास के रंग में रंग चुका है।



