अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bihar News: बिहार के पुनौराधाम में शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मां सीता के भव्य मंदिर की आधारशिला रखी। इस मौके पर पूरे पुनौराधाम परिसर में धार्मिक माहौल छाया रहा। कार्यक्रम की शुरुआत भूमि पूजन से हुई, जिसकी अगुवाई पुनौराधाम के महंत कौशल किशोर दास जी ने की। वैदिक मंत्रोच्चार और संपूर्ण विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न हुई।
इस भूमि पूजन को खास बनाने के लिए 21 पवित्र तीर्थ स्थलों की मिट्टी और विभिन्न पवित्र नदियों का जल लाया गया था। साथ ही राजस्थान के जयपुर से चांदी के कलश, दिल्ली से विशेष चांदी की पूजन सामग्री और आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुपति बालाजी मंदिर से विशेष लड्डू भी सीतामढ़ी पहुंचे।
शिलान्यास समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अलावा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जयसवाल, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री अशोक चौधरी और जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा समेत देशभर से आए संत-महात्मा और श्रद्धालु मौजूद रहे।
भव्य योजना के तहत पुनौराधाम में लगभग 67 एकड़ भूमि पर मंदिर परिसर विकसित किया जाएगा। इसमें मां सीता का भव्य मंदिर, यज्ञ मंडप, म्यूजियम, ऑडिटोरियम, कैफेटेरिया, खेल मैदान, धर्मशाला, सीता वाटिका, भजन संध्या स्थल और अन्य पर्यटक सुविधाएं शामिल होंगी। बिहार सरकार ने इस परियोजना के लिए 883 करोड़ रुपये का बजट जारी किया है और इसे 3 वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।
मां सीता का यह मंदिर न केवल धार्मिक दृष्टि से बल्कि पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण होगा। माना जा रहा है कि इसके बन जाने से देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक यहां पहुंचेंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।
अमित शाह ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि मां जानकी का यह मंदिर भारत की संस्कृति, श्रद्धा और एकता का प्रतीक होगा। वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आश्वस्त किया कि बिहार सरकार मंदिर निर्माण के हर चरण में सहयोग देगी और इसे विश्वस्तरीय धार्मिक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

