अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Patna News: बिहार के सीएम नीतीश कुमार रविवार को स्वास्थ्य कारणों से आराम करने के बाद सोमवार को पूरी तरह सक्रिय दिखे। उन्होंने सुबह से ही लगातार कई कार्यक्रमों में शिरकत की और करोड़ों रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किया। साथ ही उन्होंने बिहार के समाजवादी नेता बीपी मंडल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
सोमवार सुबह सबसे पहले सीएम देश रत्न मार्ग और सर्कुलर पथ चौराहा स्थित बीपी मंडल की प्रतिमा स्थल पहुंचे। यहां आयोजित राजकीय समारोह में उन्होंने पुष्प अर्पित कर बीपी मंडल को नमन किया। इस मौके पर उपसीएम सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे।
इसके बाद सीएम ने पटना के विभिन्न इलाकों में बुनियादी ढांचे से जुड़ी बड़ी योजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने पटेल गोलंबर से इको पार्क पश्चिमी छोर तक और इको पार्क पूर्वी छोर से अटल पथ तक भूमिगत नाला और चार लेन सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस परियोजना पर 196.80 करोड़ रुपये की लागत आएगी। बिहार सरकार के कई मंत्री और अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।
सीएम ने इसके बाद पटना शहरी क्षेत्र के विद्युत ढांचे को आधुनिक बनाने की योजना का शुभारंभ किया। 328.52 करोड़ रुपये की लागत से इस परियोजना के तहत चरणबद्ध तरीके से बिजली तारों को भूमिगत किया जाएगा। इस अवसर पर पटना डाक बंगला चौराहे पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें ऊर्जा मंत्री विजेंद्र यादव समेत कई मंत्री शामिल हुए।
नीतीश कुमार ने पटना साइंस कॉलेज के न्यूटन हॉस्टल के पास भी एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया और वहां कई योजनाओं का शिलान्यास किया। इसके अलावा जेपी गंगा पथ के पास आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने दीघा से गांधी मैदान तक 387.40 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न परियोजनाओं की नींव रखी।
सोमवार को सीएम ने पटना को करोड़ों रुपये की कई नई परियोजनाओं का तोहफा दिया। इनमें सड़क, बिजली और शहरी विकास से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि रविवार को सीएम के कई कार्यक्रम अचानक रद्द कर दिए गए थे। इसे लेकर चर्चा हुई कि सीएम अस्वस्थ हो गए हैं, हालांकि सोमवार को उनकी सक्रियता ने इन अटकलों को विराम दे दिया।
नीतीश कुमार की इस सक्रियता ने न केवल विपक्ष की शंकाओं को दूर किया, बल्कि राजधानी पटना के विकास कार्यों को भी नई गति दी है।

