अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
India News: हरियाणा के बाद अब हिमाचल प्रदेश में मानसून की बारिश के बीच भूकंप के झटके लगे हैं। पर्वतीय जिला चम्बा में शुक्रवार सुबह भूकंप के हल्के झटकों से धरती हिली। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.5 रही। ये झटके सुबह 6 बजकर 23 मिनट पर कुछ सेकंड तक रहे। इसका असर चम्बा जिला व आसपास के इलाकों में महसूस किया गया। बता दें कि हिमाचल प्रदेश भूकंप की दृष्टि से अति संवेदनशील जोन 4 व 5 में शामिल है। यहां कई वर्षों से भूकंप के हल्के झटके महसूस किए जाते रहे हैं। वर्ष 1905 में कांगड़ा व चम्बा जिलों में आये विनाशकारी भूकंप से 10 हज़ार से अधिक लोग मारे गए थे।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक भूकंप का केंद्र चम्बा में 32.36 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 76.18 डिग्री पूर्वी देशांतर पर रहा और इसकी गहराई जमीन की सतह से पांच किलोमीटर नीचे दर्ज किया गया। भूकंप के झटकों के कारण किसी तरह का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि भूकंप की तीव्रता कम होने की वजह से चम्बा जिला व साथ लगते क्षेत्रों में किसी तरह के नुकसान की रिपोर्ट नहीं है। इससे पहले भी चम्बा जिला में कई बार कम तीव्रता के भूकंप के झटके लग चुके हैं। हालांकि किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ था। हिमाचल प्रदेश में पिछले कई सालों से भूकंप के झटके लग रहे हैं। भूकंप का लगातार आना लोगों को दहशत में डाल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आज भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। आगामी 16 जुलाई तक राज्य के कुछ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। राजधानी शिमला सहित अन्य इलाकों में आज बादल छाए हैं, हालांकि बीती रात बारिश हुई।

