अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jamshedpur News: कदमा थाना क्षेत्र से नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जिसने पड़ोस में रहने वाली महिला से सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 9.50 लाख रुपये ठग लिए थे।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने मंगलवार को प्रेसवार्ता कर इस पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि रामनगर रोड नंबर 2 की रहने वाली दीक्षा महतो से उनके ही पड़ोसी प्रसन्नजीत नाहा ने सरकारी विभाग में नौकरी लगवाने का वादा किया। इस भरोसे में आकर पीड़िता ने लाखों रुपये आरोपी को सौंप दिए।
पैसा लेने के बाद आरोपी ने पीड़िता को फर्जी नियुक्ति पत्र और नकली दस्तावेज थमा दिए। जब मामला पुलिस तक पहुंचा, तो जांच में सामने आया कि प्रसन्नजीत इससे पहले भी इसी तरह की धोखाधड़ी कर चुका है। छापेमारी में पुलिस ने उसके पास से एक लैपटॉप, फर्जी जॉब ऑफर की मार्कशीट और कृषि विभाग, खनन विभाग व आयकर विभाग की नकली मुहरें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मूल रूप से असम के जोरहट जिले के बासबाड़ी गांव का रहने वाला है। वह कब से जमशेदपुर में रह रहा था और कितने लोगों को ठग चुका है, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है और पुलिस आगे की पड़ताल में जुटी है।

