India News: आधार कार्ड से जुड़ी सर्विसेज अब पहले से महंगी हो गई हैं। यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) ने आधार अपडेट की फीस 25 रुपये तक बढ़ा दी है। नई दरें 1 अक्टूबर 2025 से लागू हो गई हैं और यह 30 सितंबर 2028 तक प्रभावी रहेंगी। इसके बाद शुल्क की समीक्षा होगी और 1 अक्टूबर 2028 से 30 सितंबर 2031 तक नई फीस लागू की जाएगी।
नया आधार रहेगा फ्री
UIDAI ने स्पष्ट किया है कि नया आधार बनवाने की सुविधा सभी लोगों के लिए पूरी तरह मुफ्त रहेगी। इसके अतिरिक्त बच्चों का आधार अपडेट करवाना भी मुफ्त रहेगा।
नाम और पता अपडेट महंगा
अब नाम, पता या अन्य डॉक्यूमेंट्स अपडेट करवाने जैसी सेवाओं के लिए 50 रुपये की जगह 75 रुपये देने होंगे। इसी तरह आधार में बायोमेट्रिक अपडेट जैसे फिंगरप्रिंट, फोटो या आईरिस बदलवाने का शुल्क 100 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये कर दिया गया है।
UIDAI का फैसला
अथॉरिटी का कहना है कि तकनीकी और संचालन लागत को देखते हुए शुल्क में संशोधन किया गया है। नया आधार सिर्फ पहली बार ही मुफ्त बनवाया जा सकता है जबकि मौजूदा आधार में बदलाव के लिए शुल्क देना अनिवार्य होगा।



