अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bihar News: बिहार में एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है, जहाँ होमगार्ड भर्ती की दौड़ में बेहोश हुई एक महिला के साथ एंबुलेंस के ड्राइवर और टेक्नीशियन ने कथित तौर पर चलती एंबुलेंस में बलात्कार किया। यह घटना बोधगया क्षेत्र के बीएमपी 3 परेड ग्राउंड में हुई, जब महिला अभ्यर्थी दौड़ के दौरान बेहोश हो गई थी। इसके बाद महिला को तुरंत अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस बुलाई गई। पुलिस के अनुसार, अस्पताल ले जाते समय एंबुलेंस चालक विनय कुमार और टेक्नीशियन अजीत कुमार ने कथित तौर पर महिला के साथ दुष्कर्म किया।
मामला घटना के अगले दिन सामने आया जब पीड़िता ने डॉक्टरों और फिर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के दो घंटे के भीतर, एंबुलेंस चालक और टेक्नीशियन को गिरफ्तार किया गया। एसडीपीओ सौरभ जायसवाल के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ा।
मामले की गंभीरता को देखकर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी घटनास्थल पर सबूत जुटाने के लिए भेजा गया है। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से भी आरोपियों की पहचान करने में मदद मिली। थाने में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी आनंद कुमार ने बताया कि मामले की जांच पूरी कर जल्द से जल्द आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा।

