अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
बिशुनपुर (गुमला) : प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बिशुनपुर एसएस हाई स्कूल जाने वाली मुख्य सड़क पर मंगलवार सुबह करीब 5:00 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार अज्ञात बॉक्साइट लदे ट्रक ने सड़क किनारे चल रहे तीन मवेशियों को कुचल दिया। हादसे में एक मवेशी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक काफी तेज गति में था और अचानक मवेशियों को रौंदता हुआ निकल गया। यह मवेशी बिशुनपुर के किसान विनोद बड़ाई के बताए जा रहे हैं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बिशुनपुर थाना को इसकी सूचना दी, जिसके बाद थाना की टीम मौके पर पहुंची।
साथ ही पशु चिकित्सक को भी तत्काल बुलाया गया, ताकि घायल मवेशियों का प्राथमिक इलाज किया जा सके। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी ट्रक चालक की जल्द से जल्द पहचान कर उस पर कानूनी कार्रवाई की जाए और पीड़ित किसान को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।
यह घटना न केवल ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन को उजागर करती है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही पर भी सवाल खड़ा करती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस रूट पर वाहनों की गति सीमा निर्धारित की जाए और निगरानी बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना दोबारा न हो।

