अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jharkhand News: पूर्वी सिंहभूम जिले के बागबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत हरहरगुटु में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। बकरी चोरी के संदेह में भीड़ ने दो युवकों को बेरहमी से पीट दिया। घटना हरहरगुटु पेट्रोल पंप के पास की है, जहां सन्नी यादव (कीताडीह निवासी) और चंदन मिश्रा (हरहरगुटु निवासी) को लाठी और लोहे की रॉड से पीटा गया।
चंदन मिश्रा ने बताया कि वह अपने दोस्त सन्नी यादव के साथ टेंपो से महुलडीह गया था। लौटते समय सिगरेट खरीदने के दौरान एक युवक से कहासुनी हो गई, जिसके बाद वे वहां से निकल गए। लेकिन कुछ ही समय बाद, 8-10 गाड़ियों में सवार लोग उनका पीछा करने लगे। हरहरगुटु मोड़ के पास टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। इसी दौरान पीछा कर रहे युवकों ने दोनों को पकड़ लिया और बकरी चोरी का आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी। चंदन का कहना है कि वे निर्दोष थे, फिर भी भीड़ ने उन्हें बिना किसी पुष्टि के हमला कर दिया।
सूचना मिलने पर बागबेड़ा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों को भीड़ से बचाकर खासमहल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां सन्नी यादव की स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। इस घटना ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिना पुष्टि के भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेना एक चिंताजनक प्रवृत्ति बनता जा रहा है, जिस पर सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है।

