अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jharkhand News: झारखंड में इस वर्ष मानसून समय से पहले आने के संकेत मिल रहे हैं। आमतौर पर राज्य में मानसून की दस्तक 15 जून के बाद होती है, लेकिन इस बार यह 10 से 12 जून के बीच आ सकता है। यह जानकारी मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बुधवार को दी।
उन्होंने बताया कि इस समय केरल में मानसून के आगमन की परिस्थितियां काफी अनुकूल बनी हुई हैं। संभावना है कि केरल में मानसून 25 से 27 मई के बीच पहुंच जाएगा। इसका असर झारखंड समेत अन्य राज्यों पर भी पड़ेगा, जिससे यहां भी मानसून की आमद जल्द हो सकती है।
अभिषेक आनंद ने यह भी बताया कि इस बार झारखंड और मध्य भारत के अन्य राज्यों में प्री-मानसून की बारिश भी समय से पहले शुरू हो गई है। बीते 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। राजधानी रांची में 29.2 मिमी, जबकि देवघर के सिकटिया में 53.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जो राज्य में सर्वाधिक है।
तापमान की बात करें, तो राज्य में सबसे अधिक तापमान डालटेनगंज में 40.6 डिग्री और सबसे कम गुमला में 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों को लेकर अलर्ट भी जारी किया है।
-
22 मई को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें गर्जन, आकाशीय बिजली और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी दी गई है।
-
वहीं, 23 मई को उत्तर-पूर्वी जिलों को छोड़कर शेष राज्य में और
-
24 मई को उत्तर-पूर्वी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें 30-40 किमी प्रति घंटे की तेज हवा और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार मानसून राज्य में समय से पहले पहुंचने के साथ ही सामान्य से बेहतर वर्षा भी दे सकता है। किसानों के लिए यह अच्छी खबर हो सकती है, क्योंकि जल्दी बारिश होने से खरीफ फसलों की बुआई समय पर हो सकेगी।

