अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jharkhand News: कोडरमा जिले के जयनगर प्रखंड स्थित कोडरमा ताप विद्युत परियोजना (केटीपीपी) में 1600 मेगावाट बिजली उत्पादन को लेकर निर्माण कार्य जोरों पर है। इस कार्य के लिए स्थानीय स्तर पर बालू और अन्य मटेरियल की सप्लाई की जा रही है। इसी को लेकर दो दिनों से दो गुटों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई थी, जो शुक्रवार की रात हिंसक झड़प में बदल गई।
मामला तब गंभीर हो गया जब बरही विधायक मनोज कुमार यादव और बरकट्ठा विधायक अमित कुमार यादव के समर्थकों के बीच बालू सप्लाई को लेकर तीखी बहस के बाद मारपीट शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि बरही विधायक मनोज यादव अपने समर्थकों के साथ केटीपीपी पहुंचे थे और बालू सप्लाई में अपनी भागीदारी जताई। इस पर जब स्थानीय लोगों ने विरोध किया, तो मामला बढ़ गया।
स्थिति और बिगड़ गई जब बरकट्ठा विधायक अमित यादव भी मौके पर पहुंच गए। बातों ही बातों में दोनों पक्षों में जमकर लाठीबाजी और पत्थरबाजी हुई। इस दौरान मनोज यादव के वाहन का शीशा भी टूट गया। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यालय डीएसपी रतिभान सिंह के नेतृत्व में जयनगर, चंदवारा, और तिलैया डैम थाना से पुलिस बल मौके पर पहुंचा, जिसके बाद दोनों पक्ष के लोग फरार हो गए।
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया और धारा 126 लागू कर दी गई है। बलराम राणा नामक व्यक्ति की ओर से दूसरे पक्ष के छह नामजद और 40-50 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। वहीं दूसरे पक्ष से अरुण यादव ने भी रंगदारी मांगने समेत अन्य आरोप लगाते हुए आवेदन दिया है।
शनिवार को बरकट्ठा विधायक अमित यादव ने कार्यकर्ताओं की बैठक में कहा कि प्लांट में काम करने का पहला हक स्थानीय लोगों और विस्थापितों का है। उन्होंने बाहरी लोगों को चेतावनी दी कि कोई भी बाहरी तत्व यहां दबदबा बनाने की कोशिश न करे, वरना सख्त कार्रवाई होगी। फिलहाल इलाके में शांति है और पुलिस बल तैनात है।

