अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News: झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के आगामी 18 मई 2025 को होने वाले चुनाव को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। एक ओर जहां राज्य के खेलप्रेमी निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की उम्मीद लगाए बैठे हैं, वहीं दूसरी ओर चुनाव प्रक्रिया में प्रशासनिक हस्तक्षेप और सरकारी तंत्र के दुरुपयोग के आरोप सामने आ रहे हैं।
राज्य के जागरूक नागरिकों और खेलप्रेमियों द्वारा माननीय मुख्यमंत्री को एक पत्र भेजा गया है, जिसमें कहा गया है कि चुनाव में कुछ प्रभावशाली सरकारी अधिकारी अपने पद और प्रभाव का दुरुपयोग कर मतदाताओं को प्रभावित कर रहे हैं। पत्र में दावा किया गया है कि ये अधिकारी चुनाव प्रचार में सक्रिय हैं, जो पूरी तरह से सेवा नियमों और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि अतीत में भी JSCA के चुनावों में सत्ता और पद का दुरुपयोग देखा गया है, जिससे चयन प्रक्रिया में भाई-भतीजावाद, जातिवाद और क्षेत्रवाद को बढ़ावा मिला है। इसके कारण कई योग्य और मेहनती खिलाड़ी चयन से वंचित रह गए, जिससे उनके मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा।
इस संबंध में मुख्यमंत्री से चार प्रमुख मांगें की गई हैं:
-
चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार के सरकारी हस्तक्षेप और पद प्रभाव पर तत्काल रोक लगाई जाए।
-
उन सरकारी अधिकारियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाए, जो चुनाव को प्रभावित कर रहे हैं।
-
मतदान के दिन कड़ी विधि-व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि मतदाता निर्भीक होकर मतदान कर सकें।
-
चुनाव आयोग या किसी स्वतंत्र संस्था की निगरानी में चुनाव सम्पन्न कराया जाए, जिससे इसकी पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित हो सके।
पत्र में यह भी कहा गया है कि JSCA राज्य का एक प्रतिष्ठित खेल संगठन है और इसकी निष्पक्षता बनाए रखना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। यदि समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया गया, तो इससे झारखंड क्रिकेट की साख को गंभीर नुकसान हो सकता है।

