अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jharkhand News: बोकारो जिले के पेटरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत पिछरी गांव में एक दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है। मृतक की पहचान 25 वर्षीय बिपुल मिश्रा के रूप में हुई है, जो पिछरी गांव के मिश्रा टोला का निवासी था। मृतक के पिता का नाम गुलचंद कुमार मिश्रा बताया गया है।
परिजनों के अनुसार, मंगलवार की शाम करीब 7 बजे बिपुल को उसके तीन दोस्तों ने घर से बुलाया था। इसके बाद वह देर रात तक घर नहीं लौटा। रात लगभग 11 बजे गांव के ही कुछ लोगों ने बीरोह टांड जंगल में उसका शव पड़ा हुआ देखा और पेटरवार पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजू मुण्डा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बिपुल की हत्या टांगी से वार कर की गई है। हत्या के कारणों का अब तक स्पष्ट रूप से खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि न्यूटन डॉग स्क्वॉड की मदद ली जा रही है ताकि सबूतों की पहचान और सटीक जांच की जा सके। इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
बिपुल का शव पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया है। वहीं, पुलिस ने आश्वासन दिया है कि हत्या में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

