अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jharkhand News: खूंटी थाना क्षेत्र के चालम बरटोली गांव में चार अप्रैल को हुए युवक किस्टो दास मुंडू की हत्या का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों अब्राहम समद (24), मंगरा मुंडा (22) और रोशन सांगा (20) को गिरफ्तार कर लिया है। इस बात की जानकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) वरुण रजक ने अपने कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
एसडीपीओ वरुण रजक ने बताया कि पुलिस ने हत्याकांड की जांच के क्रम में सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और साक्ष्यों के आधार पर घटना में प्रयुक्त वाहन, एक ग्लैमर मोटरसाइकिल, पत्थर (जिससे वार किया गया था), और आरोपियों के घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उन्होंने बताया कि घटना के दिन आरोपी शराब के नशे में थे और एक मामूली विवाद तथा गाली-गलौज के चलते गुस्से में आकर उन्होंने किस्टो दास मुंडू की पत्थर से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच के चलते उन्हें जल्द ही पकड़ लिया गया।
छापेमारी और गिरफ्तारी अभियान में खूंटी थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक मोहन कुमार, अड़की थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी, खूंटी थाना के एसआई मणिदीप और अड़की थाना के एसआई रौशन खाखा के अलावा सशस्त्र बल के जवान भी शामिल थे। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई और सटीक अनुसंधान के चलते हत्याकांड का पर्दाफाश संभव हो सका।
पुलिस अब आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है। क्षेत्र में इस घटना के बाद कुछ समय तक तनाव का माहौल था, लेकिन अब स्थिति सामान्य है।

