अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bokaro news:- राज्य में व्याप्त पानी और बिजली की समस्या को लेकर सोमवार को बोकारो जिला भारतीय जनता पार्टी के बैनर तले उपायुक्त कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र राज ने की। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि सरकार की अकर्मण्यता और विफल नीतियों के कारण बोकारो सहित पूरे प्रदेश में पानी और बिजली की समस्या विकराल रूप धारण कर चुकी है।
नेताओं ने कहा कि आम जनता भीषण गर्मी में पेयजल संकट और अनियमित बिजली आपूर्ति से परेशान है, लेकिन सरकार समाधान निकालने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं लोगों तक समय पर पहुंचाना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन वर्तमान सरकार इसमें असफल रही है।
उन्होंने सरकार से तत्काल समस्या के समाधान की मांग की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र राज ने कहा कि यदि जल्द ही पानी और बिजली संकट का समाधान नहीं किया गया तो भाजपा आंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर पार्टी लगातार संघर्ष करती रहेगी। प्रदर्शन कार्यक्रम में बोकारो के पूर्व विधायक बिरंची नारायण, डॉ. प्रकाश, मुकेश राय, राजेश बरनवाल, रोहित लाल सिंह, अमित कुमार, जयदेव राय, अंबिका खवास, भाजपा नेता एवं मुखिया स्वरूप दास, अर्चना सिंह, एंजेला सिंह, गिरजा देवी सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

