अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jamshedpur news: कदमा थाना क्षेत्र में महिला से सोने की चेन छिनतई मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो छिनतई करने वाले अपराधी और एक ज्वेलरी दुकानदार शामिल है, जिसने लूटी गई चेन को खरीदकर उसे पिघला दिया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त स्कूटी, नकद राशि और चोरी की चेन से तैयार की गई सोने की अंगूठियां बरामद की हैं।
गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 2 मई 2026 को कदमा थाना क्षेत्र के अनिल सुरपथ रोड में रहने वाली अनिता चौधरी सुबह अपने घर के पास जा रही थीं। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो अपराधी उनके पास पहुंचे और गले से सोने की चेन झपटकर तेजी से फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर कदमा थाना में मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी जांच के साथ-साथ स्थानीय सूत्रों से भी जानकारी जुटाई। लगातार निगरानी और छापेमारी के दौरान 6 मई को टाटा वर्कर्स यूनियन हाई स्कूल, कदमा के पास से दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान आदित्यपुर निवासी प्रकाश पटेल और कदमा भाटिया बस्ती निवासी प्रीतम सिंह उर्फ पोदो के रूप में हुई।
सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने महिला से चेन छिनतई की घटना को स्वीकार कर लिया। उन्होंने पुलिस को बताया कि घटना के तुरंत बाद लूटी गई सोने की चेन को कदमा स्थित जेपी ज्वेलर्स के संचालक निखिल सोनी को 25 हजार रुपये में बेच दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने ज्वेलरी दुकानदार निखिल सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया।
जांच में यह भी सामने आया कि ज्वेलरी दुकानदार ने चोरी की चेन को पहचान छिपाने के उद्देश्य से पिघलाकर तीन सोने की अंगूठियों में बदल दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब पांच ग्राम वजन की तीन सोने की अंगूठियां, घटना में इस्तेमाल की गई एक्टिवा स्कूटी और 15 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी प्रकाश पटेल का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ चोरी, गृहभेदन और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी बड़े छिनतई गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। साथ ही चोरी के गहनों की खरीद-बिक्री करने वाले अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now

