अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Siwan: सीवान में बुधवार को हुए सनसनीखेज रोड रेज गोलीकांड में पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को दबोच लिया है। एसपी पूरन कुमार झा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथौड़ा निवासी छोटू कुमार यादव के रूप में की। गिरफ्तारी के दौरान हुई पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
सड़क विवाद में चली थी गोलियां
यह पूरा मामला बुधवार शाम का है, जब एक मामूली सड़क दुर्घटना के बाद शुरू हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, जिसमें भाजपा नेता के भांजे हर्ष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस वारदात के बाद पूरे सीवान में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
ऐसे हुआ एनकाउंटर
पुलिस ने संदिग्ध वाहन की पहचान कर जब छोटू यादव के ठिकाने पर दबिश दी, तो उसने भागने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षा में चलाई गई गोलियां आरोपी के दोनों घुटनों के आर-पार हो गईं। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है। पुलिस अब इस मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश में सघन छापेमारी कर रही है और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही पूरे मामले का पूर्ण खुलासा कर लिया जाएगा।
Read more: सीवान में रोड रेज का खूनी खेल: भाजपा नेता के भांजे की ह’त्या, पिता की हालत नाजुक

