अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
वाशिंगटन, (अमेरिका) | एजेंसी
दुनिया को तीसरे विश्वयुद्ध की दहलीज से वापस लाते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ दो हफ्तों के सीजफायर (युद्धविराम) का ऐलान किया है। बुधवार को इसे ‘विश्व शांति के लिए महान दिन’ बताते हुए ट्रंप ने कहा कि अब ईरान विनाश के रास्ते से हटकर पुनर्निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर सकता है। यह ऐतिहासिक फैसला ट्रंप द्वारा तय की गई रात 8 बजे की डेडलाइन से महज 90 मिनट पहले लिया गया, जिससे वैश्विक बाजारों और आम जनता ने बड़ी राहत की सांस ली है।
अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर ट्रंप ने इस सफलता का श्रेय कूटनीति को देते हुए लिखा, “यह दुनिया की शांति के लिए एक बड़ा दिन है। ईरान अब युद्ध से थक चुका है और शांति की राह देख रहा है। अमेरिका इस दौरान पुनर्निर्माण में हर संभव मदद करेगा और जरूरी सप्लाई पहुंचाएगा।” ट्रंप ने आगे कहा कि अमेरिका स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों की आवाजाही को सामान्य बनाने में सहयोग करेगा और अमेरिकी सैनिक वहां रहकर यह सुनिश्चित करेंगे कि व्यापार सुचारू रूप से चलता रहे। उन्होंने इस दौर को मध्य पूर्व के लिए एक ‘स्वर्ण युग’ की शुरुआत बताया।
Read more: ट्रंप की चेतावनी: रेस्क्यू ऑपरेशन लीक करने वाले ‘भेदिए’ को नहीं छोड़ेंगे
इस सीजफायर के पीछे पर्दे के पीछे की कूटनीति और पाकिस्तान की मध्यस्थता ने अहम भूमिका निभाई है। ट्रंप ने स्पष्ट किया कि यह अस्थायी विराम पूरी तरह से शर्तों पर आधारित है। ईरान को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को तुरंत और सुरक्षित रूप से खोलना होगा। ट्रंप का दावा है कि अमेरिका अपने सैन्य लक्ष्यों को प्राप्त कर चुका है और अब ईरान द्वारा भेजे गए ’10 सूत्रीय प्रस्ताव’ के आधार पर एक दीर्घकालिक शांति समझौते की ओर बढ़ा जा रहा है। उनके अनुसार, अधिकांश विवादित मुद्दों पर सहमति बन चुकी है और अगले 14 दिन समझौते को अंतिम रूप देने के लिए निर्णायक होंगे।
दूसरी ओर, ईरानी विदेश मंत्री सईद अब्बास अरागची ने भी सकारात्मक संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि ईरान पर हमले पूरी तरह बंद होते हैं, तो उनकी सेनाएं भी जवाबी कार्रवाई रोक देंगी। अरागची ने पुष्टि की कि अगले दो हफ्तों तक होर्मुज से सुरक्षित आवाजाही की अनुमति दी जाएगी, लेकिन इसके लिए ईरानी सशस्त्र बलों के साथ समन्वय करना अनिवार्य होगा। कुछ समय पहले तक जहाँ ट्रंप ‘पूरी सभ्यता खत्म’ करने की चेतावनी दे रहे थे, वहीं अब शांति की इस पहल ने दुनिया भर में उम्मीद की नई किरण जगा दी है।
Read more: ट्रंप की डरावनी चेतावनी: आज रात दुनिया से एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी!

