अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
वॉशिंगटन, (अमेरिका) | एजेंसी
दुनिया इस वक्त एक भीषण महायुद्ध की कगार पर खड़ी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर अब तक की सबसे खौफनाक चेतावनी जारी की है। मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट के जरिए ट्रंप ने दावा किया कि आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी, जिसे फिर कभी वापस नहीं लाया जा सकेगा। ट्रंप के इस बयान ने पूरी दुनिया में हड़कंप मचा दिया है।
Read more: ट्रंप की चेतावनी: रेस्क्यू ऑपरेशन लीक करने वाले ‘भेदिए’ को नहीं छोड़ेंगे
ट्रंप ने अपनी पोस्ट में विश्वास दिलाने की कोशिश करते हुए लिखा, “मैं नहीं चाहता कि ऐसा हो, लेकिन शायद यह होकर ही रहेगा।” उन्होंने आगे दावा किया कि अब ईरान में पूर्ण सत्ता परिवर्तन की गुंजाइश बन गई है। उनके मुताबिक, इस संभावित विनाशकारी बदलाव के बाद सत्ता पर अधिक होशियार और कम कट्टरपंथी सोच वाले लोग काबिज होंगे। ट्रंप ने उम्मीद जताई कि यदि ऐसा होता है, तो शायद कुछ बहुत ही शानदार परिणाम सामने आएं। उन्होंने आज की रात को विश्व इतिहास का एक अत्यंत खास और बड़ा पल बताते हुए कहा कि पिछले 47 वर्षों से चले आ रहे दमन, भ्रष्टाचार और हिंसा का अब अंत हो सकता है।
इससे पहले व्हाइट हाउस में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भी ट्रंप ने कड़े तेवर दिखाए थे। उन्होंने होर्मुज स्ट्रेट को हर हाल में खोलने की चेतावनी देते हुए कहा था कि ईरान के ऊर्जा संयंत्रों और पुलों को पूरी तरह तबाह कर दिया जाएगा। ट्रंप ने कहा, “ईरान को एक ही रात में खत्म किया जा सकता है।” उन्होंने साफ कर दिया कि यदि ईरान तय समय सीमा के भीतर अमेरिका से समझौता नहीं करता, तो सैन्य कार्रवाई किसी भी समय शुरू हो सकती है, और वह समय आज रात भी हो सकता है। ट्रंप के अनुसार, ईरान के नेता बातचीत तो कर रहे हैं, लेकिन अभी तक किसी ठोस नतीजे पर पहुंचने की कोई स्पष्टता नहीं है।
दूसरी ओर, इजराइल ने भी मोर्चा खोल दिया है। आईडीएफ (IDF) ने ईरान के रेलवे सिस्टम को उड़ाने की धमकी देते हुए वहां के नागरिकों को रेल सेवा का उपयोग न करने की सलाह दी है। मंगलवार दोपहर होते-होते ईरान के कई ठिकानों पर भीषण हमले शुरू हो गए। अर्द्ध-सरकारी न्यूज एजेंसियों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम ईरान में तबरीज-जंजान हाईवे के पुल और याह्या अबाद रेलवे पुल समेत तेल निर्यात के मुख्य केंद्र ‘खार्ग द्वीप’ को निशाना बनाया गया है। अब पूरी दुनिया की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या आज रात वाकई कोई बड़ा ऐतिहासिक बदलाव होने वाला है।
Read more: कुर्सी बचाने के लिए ट्रंप का ‘ऑपरेशन कैबिनेट’; कई दिग्गजों की छुट्टी की तैयारी

