अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bokaro: बोकारो जिला एवं व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी दी है। सोमवार को न्यायालय प्रशासन को ईमेल के जरिए मिली इस धमकी के बाद पूरे जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सुरक्षा के मद्देनजर आनन-फानन में पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया है
बोकारो एसपी हरविंदर सिंह के अनुसार, धमकी भरा ईमेल प्राप्त होते ही न्यायालय प्रशासन ने तुरंत इसकी सूचना बोकारो पुलिस को दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल ‘अलर्ट मोड’ में आ गईं। देखते ही देखते पूरा कोर्ट परिसर छावनी में तब्दील हो गया।
Read more — धनबाद सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, 28 भवन खाली कराए गए
सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता (Bomb Squad) और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा बलों ने कोर्ट के हर कमरे, गलियारे और पार्किंग स्टैंड की सघन तलाशी ली। एहतियातन सुरक्षा कारणों से अधिवक्ताओं, मुवक्किलों और कर्मचारियों को परिसर से बाहर कर दिया गया। कोर्ट के सभी प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया गया है।
बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षा एजेंसियां पूरी मुस्तैदी से जांच कर रही हैं। फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर पूरे परिसर की गहन जांच की जा रही है।
धमकी भरा ईमेल कहां से और किस आईपी एड्रेस (IP Address) से भेजा गया है, इसका पता लगाने के लिए साइबर सेल को काम पर लगा दिया गया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा है या शरारती तत्वों की करतूत, इसका खुलासा जल्द ही कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में झारखंड के अलग-अलग जिलों के न्यायालयों को इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, जिससे न्यायिक कार्यों में लगे लोगों और आम जनता के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
Read more — रांची सिविल कोर्ट को तीसरी बार उड़ाने की धमकी, ‘IP एड्रेस’ तक पहुँची साइबर सेल

