अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bokaro: दुगदा कोल वाशरी क्षेत्र में होली मिलन समारोह इस बार सिर्फ रंग-गुलाल तक सीमित नहीं रहा। मंच से विस्थापितों के हक और अधिकारों की आवाज भी बुलंद हुई। मूल रैयत विस्थापित मोर्चा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जेएलकेएम सुप्रीमो सह डुमरी विधायक जयराम महतो मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मोर्चा अध्यक्ष विवेक कुमार यादव ने की, जबकि संचालन प्रभारी हरि प्रसाद साव ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय विस्थापित ग्रामीण मौजूद थे।
मंच से बोलते हुए जयराम महतो ने साफ शब्दों में कहा कि विस्थापितों के हक और अधिकारों की लड़ाई वह सड़क से लेकर सदन तक लड़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि होली सिर्फ रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी सौहार्द, भाईचारा और एकजुटता का संदेश देने का पर्व है। ऐसे आयोजनों से समाज में मेलजोल बढ़ता है और लोग अपनी समस्याएं साझा कर पाते हैं।
कार्यक्रम में जेएलकेएम के केंद्रीय प्रवक्ता टेकलाल महतो, युवा मोर्चा कोषाध्यक्ष कुलदीप महतो, मोर्चा संरक्षक बोढन यादव, धनंजय महतो, भीमलाल महतो, सचिव इंद्रजीत महतो, कोषाध्यक्ष कंचन कुमार गोप सहित कई पदाधिकारी और सैकड़ों विस्थापित ग्रामीण शामिल हुए।
दुगदा क्षेत्र में लंबे समय से मूल रैयत और विस्थापन का मुद्दा चर्चा में रहा है। ऐसे में होली मिलन के मंच से उठी यह आवाज आने वाले दिनों में स्थानीय राजनीति को और गर्मा सकती है।

