अपनी भाषा चुनेें :
Ranchi: राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत कडरू न्यू एजी कॉलोनी स्थित मंदिर मार्ग में मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार के तीन लोगों ने आत्महत्या करने का प्रयास किया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार परिवार के बेटे मिहिर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मिहिर सीए की पढ़ाई कर रहा था और हाल ही में कोलकाता से रांची लौटा था। परिजनों के अनुसार उसकी नौकरी उषा मार्टिन कंपनी में लगने की बात कही जा रही थी।
घटना में मिहिर की मां स्नेहा अखोरी, जो झारखंड हाईकोर्ट में अधिवक्ता हैं, ने ज़हर खा लिया। वहीं परिवार की 14 वर्षीय बेटी ने भी ज़हर का सेवन किया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें तुरंत इलाज के लिए गुरुनानक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी में इलाज कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही अरगोड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। घर को सील कर आवश्यक जांच की जा रही है।
फिलहाल आत्महत्या के प्रयास के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद कॉलोनी और आसपास के इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।



