अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
New Delhi: पीएम नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देश के युवाओं को बड़ी सौगात देते हुए 18वें रोजगार मेले के तहत 61 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में चयनित इन युवाओं को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि यह केवल एक सरकारी नियुक्ति पत्र नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण (Nation Building) का निमंत्रण पत्र और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प पत्र है।
युवाओं के जीवन में नए बसंत का आगमन: पीएम ने साल 2026 की शुरुआत को युवाओं के लिए नई खुशियों का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा, “बसंत कल ही आया है और आपके जीवन में भी नए बसंत का आगमन हो रहा है। आज 61 हजार से ज्यादा युवा अपनी जिंदगी का एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं।” पीएम ने इस बात पर खुशी जताई कि आज के इस आयोजन में 8 हजार से ज्यादा बेटियों को भी सरकारी सेवाओं में नियुक्ति पत्र मिले हैं, जो देश के वर्कफोर्स में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का प्रमाण है।
ग्लोबल हब बनता भारत और एफडीआई का कमाल: पीएम मोदी ने देश की आर्थिक मजबूती का जिक्र करते हुए कहा कि भारत दुनिया की एकमात्र ऐसी अर्थव्यवस्था है, जिसने एक दशक में अपनी जीडीपी को दोगुना किया है। उन्होंने बताया कि 2014 के मुकाबले देश में एफडीआई (FDI) का फ्लो 2.5 गुना बढ़ गया है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के अनगिनत मौके बन रहे हैं। पीएम के अनुसार, भारत आज डिजिटल मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में एक ग्लोबल हब बनकर उभर रहा है।
रिफॉर्म एक्सप्रेस और मैन्युफैक्चरिंग पावरहाउस: पीएम ने जोर देकर कहा कि देश ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ पर चल पड़ा है, जिसका उद्देश्य जीवन और व्यापार दोनों को आसान बनाना है। उन्होंने बताया कि 2014 से इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग 6 गुना बढ़कर 11 लाख करोड़ से ज्यादा का सेक्टर बन गया है। पीएम ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी नई भूमिका में पूरी निष्ठा के साथ विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए काम करें।

