अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय में पीटीएम, शिक्षा पर जोर
चैनपुर/गुमला:-चैनपुर प्रखंड के कातिंग स्थित झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, चैनपुर के प्रांगण में सोमवार को अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य विद्यालय की शैक्षणिक प्रगति, छात्राओं की नियमित उपस्थिति और उनके सर्वांगीण विकास को लेकर अभिभावकों के साथ सार्थक संवाद स्थापित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के बच्चे ही कल के चैनपुर के कर्णधार हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों के सपनों को पंख दें और उन्हें कड़ी मेहनत के लिए प्रेरित करें, ताकि वे आगे चलकर अच्छे नागरिक बनकर समाज और प्रखंड का नाम रोशन कर सकें।
प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी धर्मरक्षी ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को साझा करते हुए कहा कि “शिक्षा शेरनी का दूध है, जो पियेगा वही दहाड़ेगा।” उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के महत्व को समझते हुए आत्मनिर्भर और निडर बनने का संदेश दिया।
बीपीओ सत्येंद्र कुमार ने अभिभावकों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने हेतु आवश्यक दस्तावेजों जैसे आधार कार्ड और अपार आईडी के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने पर विशेष जोर दिया।
विद्यालय की वार्डन शीलवंती कुमारी एवं शिक्षिकाओं ने विद्यालय की कार्यप्रणाली, बोर्ड परीक्षा में बेहतर परिणाम के लिए बनाई गई रणनीतियों तथा अनुपस्थित छात्राओं को पुनः शिक्षा से जोड़ने के प्रयासों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं, समर्पित शिक्षकों एवं सक्रिय अभिभावकों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही अतिथियों का अंग वस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर लेखापाल सिल्वेस्टर किंडो सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे।

