अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Patna News: बिहार के राजनीतिक गलियारों में उस वक्त खलबली मच गई जब सरहद पार बैठे एक कुख्यात गैंगस्टर ने सीधे सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को निशाना बनाया।
सरहद पार से सीएम को चुनौती; हिजाब विवाद के बहाने पाकिस्तानी डॉन ने दिया धमकी
पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी ने सोशल मीडिया पर एक मिनट का वीडियो संदेश जारी कर मुख्यमंत्री को सार्वजनिक रूप से धमकाया है। इस अंतरराष्ट्रीय धमकी के बाद पटना पुलिस और साइबर सेल हाई अलर्ट पर हैं और मामले की जांच अब तकनीकी साक्ष्यों के इर्द-गिर्द सिमट गई है।
मेटा को ई-मेल: आईपी एड्रेस और लोकेशन खंगाल रही पुलिस
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। जांच टीम ने फेसबुक और इंस्टाग्राम की मूल कंपनी ‘मेटा’ को एक आधिकारिक ई-मेल भेजकर शहजाद भट्टी के अकाउंट की पूरी कुंडली मांगी है। पुलिस ने विशेष रूप से उस विवादित वीडियो का आईपी एड्रेस (IP Address) और लॉगिन हिस्ट्री मांगी है ताकि यह पता चल सके कि वीडियो पाकिस्तान के किस शहर से अपलोड किया गया था। साइबर थाना पहले ही एफआईआर दर्ज कर चुका है और अब बस सोशल मीडिया कंपनी के जवाब का इंतजार है।
क्या था विवाद: नियुक्ति पत्र और हिजाब पर टिप्पणी का बहाना
इस पूरे विवाद की जड़ मुख्यमंत्री सचिवालय में आयोजित एक कार्यक्रम है, जहाँ आयुष चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र दिए जा रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक महिला चिकित्सक नुसरत परवीन के हिजाब को लेकर एक टिप्पणी की थी। इसी वीडियो को आधार बनाकर शहजाद भट्टी ने अपना संदेश जारी किया। गैंगस्टर ने वीडियो में चेतावनी दी कि एक उच्च पद पर बैठे व्यक्ति को महिला के साथ ऐसा व्यवहार शोभा नहीं देता और अगर नीतीश कुमार ने इसके लिए माफी नहीं मांगी, तो इसके परिणाम “अच्छे नहीं होंगे।”
आईजी जितेंद्र राणा खुद संभाल रहे कमान; जांच का दायरा बढ़ा
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पटना के आईजी जितेंद्र राणा खुद इस जांच की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने साफ किया है कि पुलिस किसी भी अंतरराष्ट्रीय धमकी को हल्के में नहीं ले रही है। जैसे ही मेटा से तकनीकी रिपोर्ट और सटीक लोकेशन प्राप्त होगी, इंटरपोल या अन्य अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की मदद लेने पर विचार किया जा सकता है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या बिहार में इस पाकिस्तानी गैंगस्टर के कोई स्लीपर सेल या स्थानीय संपर्क तो नहीं हैं, जिन्होंने उसे यह सूचनाएं और वीडियो उपलब्ध कराए।

