अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Gumla News: रायडीह थाना क्षेत्र के सिलम पंचायत में हुए युवक गणेश सिंह उर्फ गुड़ा सिंह हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। इस मामले ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है, क्योंकि हत्या के पीछे प्रेम नहीं बल्कि जमीन हड़पने की खौफनाक साजिश सामने आई है। पुलिस ने मृतक की चाची समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
फुटबॉल मैदान के पास मिली थी लाश
बीते रविवार देर शाम सिलम अहरा डांड़ फुटबॉल मैदान के समीप 22 वर्षीय गणेश सिंह का खून से लथपथ शव मिला था। युवक की टांगी से बेरहमी से हत्या की गई थी। सूचना मिलते ही रायडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की गई।
एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम
हत्या की गंभीरता को देखते हुए गुमला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चैनपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ललित मीणा के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। तकनीकी शाखा की मदद ली गई और घटनास्थल से भौतिक साक्ष्य जुटाए गए।
जांच में सामने आई साजिश की परतें

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गणेश सिंह गुमला में शौर्य जुलूस में शामिल होकर देर शाम गांव लौटा था। इसके बाद वह अपनी प्रेमिका को पानंदटोली छोड़ने गया। लौटते वक्त पहले से घात लगाए अपराधियों ने उसे अहरा डांड़ के पास रोक लिया और टांगी से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।
चाची ने दी थी हत्या की सुपारी
पूछताछ में चौंकाने वाला सच सामने आया। मृतक गणेश सिंह घर का इकलौता वारिस था। उसकी रिश्ते की चाची सुन्ती देवी उसकी पैतृक जमीन पर कब्जा करना चाहती थी। इसी मकसद से उसने गांव के ही पंकज कुमार पाठक और परवल सिंह को हत्या की सुपारी दी थी।
एक लाख की डील, 40 हजार एडवांस
पुलिस के अनुसार, हत्या के बदले एक लाख रुपये देने की बात तय हुई थी, जिसमें से सुन्ती देवी ने 40 हजार रुपये एडवांस के रूप में दिए थे। योजना के तहत पंकज पाठक ने गणेश को पीने-खाने के बहाने अहरा डांड़ बुलाया, जहां पहले से परवल सिंह मौजूद था।
टांगी से हमला कर मौके पर ही मौत
मौका मिलते ही दोनों आरोपितों ने टांगी से गणेश पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को वहीं छोड़कर फरार हो गए।
हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी, चार मोबाइल फोन, करीब सात फीट तार और एक स्कूटी बरामद की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी परवल सिंह रायडीह थाना का पुराना अपराधी है, जिसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और लूट जैसे मामले दर्ज हैं।
न्यायिक हिरासत, जल्द चार्जशीट
एसडीपीओ ललित मीणा ने बताया कि मामले में साक्ष्य मजबूत हैं और जल्द ही चार्जशीट दाखिल की जाएगी। तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस हत्याकांड ने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।

