अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
India News: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से सामाजिक प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां प्रेम विवाह करने की कीमत एक परिवार को सामाजिक बहिष्कार और हिंसक धमकियों के रूप में चुकानी पड़ रही है। बड़सर उपमंडल के करेर गांव में हुई इस घटना से पूरा परिवार दहशत में है।
जानकारी के मुताबिक, करेर गांव के 30 साल के युवक और 23 साल की युवती ने पिछले अक्टूबर माह में दिल्ली की एक कोर्ट में लव मैरिज की थी। दोनों बालिग हैं, लेकिन युवती के परिवार वाले इस रिश्ते से बेहद नाराज़ थे।
युवक के पिता देशराज ने बताया कि वह बीते 30 साल से अपने ससुराल में रह रहे थे। उनके बेटे ने गांव की ही लड़की से कोर्ट मैरिज की, जिसके बाद लड़की वालों ने गांव के कुछ लोगों के साथ मिलकर पूरे परिवार का सामाजिक बहिष्कार करवा दिया।
शादी समारोह में घर जलाने की कोशिश, परिवार ने मांगी सुरक्षा
पीड़ित पिता देशराज का आरोप है कि मामला यहीं नहीं थमा। 1 दिसंबर को गांव में एक शादी समारोह चल रहा था, उसी दौरान उनके घर को आग लगाने की कोशिश की गई। विरोध करने पर उनकी पत्नी के साथ मारपीट भी की गई। इस घटना की शिकायत 2 दिसंबर को भोटा पुलिस चौकी में दर्ज करवाई गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर जाकर हालात का जायजा लिया।
हालात और डर की वजह से नवविवाहित युवक-युवती दिल्ली में छिपे हुए हैं और गांव नहीं लौट रहे हैं। युवक के पिता फरीदाबाद में हलवाई का काम करते हैं, जबकि घर में उनकी पत्नी और बुजुर्ग सास अकेली रहती हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस और प्रशासन से तत्काल सुरक्षा मुहैया करवाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है ताकि वे अपने पैतृक गांव में सुरक्षित रह सकें।

