अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jamshedpur News: भारतीय जनता पार्टी द्वारा संगठन महापर्व के अंतर्गत मंडल अध्यक्ष एवं मंडल प्रतिनिधियों के चुनाव की प्रक्रिया सोमवार को पूरी की गई। जमशेदपुर महानगर जिले के कुल 28 मंडलों में से 17 मंडलों में सर्वसम्मति से मंडल अध्यक्ष और मंडल प्रतिनिधियों का चयन कर लिया गया है, जबकि तकनीकी कारणों से 11 मंडलों में चुनाव नहीं हो सका। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि शेष मंडलों में भी एक सप्ताह के भीतर चुनाव संपन्न करा लिए जाएंगे।
सोमवार को साकची स्थित भाजपा कार्यालय में सुबह से ही चुनाव को लेकर गहमागहमी का माहौल रहा। मंडल अध्यक्ष पद के दावेदार अपने समर्थकों के साथ कार्यालय में मौजूद रहे और संगठन के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर समर्थन जुटाने में लगे रहे। जैसे ही मंडल अध्यक्षों और प्रतिनिधियों की सूची जारी की गई, कार्यालय में उत्साह का माहौल बन गया। समर्थकों ने भारत माता की जय, भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद और नरेंद्र मोदी जिंदाबाद जैसे नारे लगाए। इसके बाद सभी नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्षों और प्रतिनिधियों ने जिलाध्यक्ष के साथ सामूहिक रूप से फोटो भी खिंचवाई।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान बोकारो के पूर्व विधायक बिरंची नारायण और भाजपा के प्रदेश महामंत्री मनोज कुमार सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनकी देखरेख में ही पूरी निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई गई। भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने बताया कि संगठन महापर्व पूरे देश में चल रहा है और इसी क्रम में जमशेदपुर महानगर में भी मंडल स्तर पर संगठन को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन 11 मंडलों में तकनीकी कारणों से चुनाव नहीं हो सका है, वहां बहुत जल्द प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
जुगसलाई मंडल से हेमेन्द्र प्रकाश जैन को मंडल अध्यक्ष चुना गया है। उन्होंने कहा कि वे पिछले 22 वर्षों से भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता हैं और संगठन में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जुगसलाई मंडल में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत किया जाएगा।
संगठन महापर्व के तहत घोषित सूची के अनुसार साकची पूर्वी मंडल से जोगराज सिंह (जुगनु) को मंडल अध्यक्ष और सन्नी संधी को मंडल प्रतिनिधि बनाया गया है। सीतारामडेरा मंडल से रंजीत कुमार सिंह मंडल अध्यक्ष और मिथिलेश कुमार साव मंडल प्रतिनिधि बने हैं। बारीडीह मंडल में कुमार अभिषेक को अध्यक्ष तथा संतोष ठाकुर को प्रतिनिधि की जिम्मेदारी दी गई है। बिरसानगर मंडल से संजीव बनर्जी (बापन) अध्यक्ष और श्रीराम प्रसाद प्रतिनिधि घोषित किए गए हैं। टेल्को मंडल में विकास कुमार शर्मा अध्यक्ष और देवेंद्र कुमार मिश्रा (पप्पु) प्रतिनिधि बने हैं। बर्मामाइंस मंडल से रितेश कुमार झा अध्यक्ष और सूरज कुमार सिंह प्रतिनिधि चुने गए हैं। गोलमुरी मंडल में बैजनाथ उपाध्याय अध्यक्ष और धीरज पासवान प्रतिनिधि बनाए गए हैं। बिष्टुपुर मंडल से मारुति नंदन पांडे अध्यक्ष और राजेश नंद प्रतिनिधि घोषित किए गए हैं। सोनारी मंडल में प्रशांत कुमार पोद्दार अध्यक्ष और अजय रजक प्रतिनिधि बने हैं। साकची पश्चिम मंडल से युवराज सिंह जुगनु अध्यक्ष और बजरंगी पांडे प्रतिनिधि बनाए गए हैं। मानगो मंडल में विनोद कुमार राय अध्यक्ष और विकास कुमार जायसवाल प्रतिनिधि चुने गए हैं। उलीडीह मंडल से रविंद्र कुमार सिंह अध्यक्ष और अनिमेष सिन्हा प्रतिनिधि बनाए गए हैं। घाघीडीह मंडल में आनंद कुमार अध्यक्ष और शंकर सिंह प्रतिनिधि घोषित हुए हैं। सुंदरनगर मंडल से अमित कुमार मिश्रा अध्यक्ष और ईश्वर सोरेन प्रतिनिधि बने हैं। एमजीएम मंडल में सूरज कुमार साह को अध्यक्ष और शंभु कर्मकार को प्रतिनिधि बनाया गया है। गोविंदपुर मंडल से विवेक कुमार (जुगनु) अध्यक्ष और मुकेश ठाकुर प्रतिनिधि घोषित किए गए हैं।
भाजपा ने यह भी स्पष्ट किया है कि कदमा, आजाद नगर, बागबेड़ा-कोवाली, आसनबनी, पोटका, परसुडीह, घोड़ाबांधा, बोड़ाम, पटमदा और कमलपुर मंडलों में अध्यक्ष और मंडल प्रतिनिधियों की घोषणा अभी शेष है, जिसे जल्द पूरा किया जाएगा। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि इस संगठनात्मक कवायद से आगामी चुनावों को देखते हुए जमीनी स्तर पर भाजपा को और अधिक मजबूती मिलेगी।

