अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
पालकोट (गुमला)। पालकोट प्रखंड अंतर्गत बंगरू पंचायत के राजस्व ग्राम बंगरू में 12 एवं 13 दिसंबर 2025 को देव चट्टान जतरा पूजा सह मेला का भव्य आयोजन किया गया। चट्टान पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालु और दर्शक शामिल हुए।
मेले के दौरान नागपुरी लोकगीतों एवं आधुनिक नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति ने पूरे क्षेत्र को सांस्कृतिक रंग में रंग दिया। प्रसिद्ध नागपुरी कलाकारों द्वारा प्रस्तुत गीतों पर ग्रामीण देर रात तक झूमते नजर आए। कार्यक्रम स्थल पर उत्साह, उमंग और पारंपरिक लोकसंस्कृति की झलक साफ देखने को मिली।
इस अवसर पर सिमडेगा विधायक श्री भूषण बाड़ा के जिला विधायक प्रतिनिधि श्री मनीष कुमार हिंदुस्तान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं प्रखंड प्रमुख श्रीमती सोनी लकड़ा, प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष श्री रोहित एक्का, बंगरू पंचायत की मुखिया श्रीमती पूनम एक्का, गुडु गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि श्री मनीष कुमार हिंदुस्तान ने कहा कि देव चट्टान जतरा मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक और पारंपरिक पहचान का प्रतीक है, जिसे संरक्षित और संवर्धित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए चट्टान पूजा समिति और ग्रामीणों की सराहना की।
चट्टान पूजा समिति के अध्यक्ष श्री राहुल कुमार बड़ाइक ने बताया कि यह मेला आपसी भाईचारे और संस्कृति को मजबूत करने का माध्यम है। वहीं कोषाध्यक्ष श्री लालदेव लोहारा ने सहयोग करने वाले सभी ग्रामीणों और अतिथियों के प्रति आभार जताया। पुलिस प्रशासन की सतर्कता से मेला शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

पालकोट से रोहित कुमार साहू की रिपोट

