अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bihar News: बुधवार की सुबह अररिया जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब नरपतगंज थाना क्षेत्र में दो बाइक सवार बदमाशों ने स्कूल जा रही 24 वर्षीय बीपीएससी शिक्षिका शिवानी कुमारी वर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी। शिवानी अपनी स्कूटी से रोज की तरह स्कूल जा रही थीं, लेकिन खाबदह कन्हैली शिव मंदिर के पास दो बदमाशों ने उनका पीछा किया, स्कूटी रुकवाई और हेलमेट खोलने को कहा। इसके बाद उन्होंने गर्दन और कनपटी पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां मार दीं। शिवानी मौके पर ही गिर गईं और हमलावर वहां से फरार हो गए।
शिवानी की बहन के आरोप- ‘रंजीत और प्रिंसिपल जिम्मेदार’
बुधवार रात जब परिजन शव लेने सदर अस्पताल पहुंचे, तो माहौल गम और गुस्से से भरा था। शिवानी की बहन जूली कुमारी ने बताया कि पिछले एक साल से शिवानी को स्कूल के शिक्षक रंजीत परेशान कर रहा था। रंजीत का कहना था कि वह शिवानी से शादी करना चाहता है, जबकि शिवानी ने साफ मना कर दिया था। जूली ने आरोप लगाया कि शादी के लिए मना करने के बाद रंजीत शिवानी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था, जबकि तीन महीने पहले उसकी खुद शादी हो चुकी थी।
जूली ने यह भी दावा किया कि स्कूल के प्रिंसिपल उमेश कुशवाहा भी रंजीत का पक्ष लेते थे। जब शिवानी ने स्पेशल लीव को लेकर शिकायत डीईओ से की, तो प्रिंसिपल को फटकार लगी थी। बहन का कहना है कि इसी रंजिश में दोनों ने मिलकर शिवानी की हत्या करवाई हो सकती है।
दुख में डूबा परिवार- कुछ दिनों बाद होनी थी शादी
शिवानी की कुछ दिन पहले सगाई हुई थी और जल्द ही शादी की तारीख तय होने वाली थी। परिवार वाले तैयारियों में लगे थे, लेकिन अचानक आई इस घटना ने सबकुछ बदल दिया। जूली बताती हैं- “जिस घर में शहनाई बजने वाली थी, वहां मातम पसर गया। मेंहदी रचने के सपने खून में बदल गए।”
कैंडल मार्च में उमड़ा गुस्सा- ‘हत्यारों को फांसी चाहिए’
बुधवार देर शाम जिले के शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाला। सैकड़ों लोग मोमबत्तियां लेकर सड़कों पर उतरे और शिवानी के लिए न्याय की मांग की। कैंडल मार्च के बाद शिक्षकों का एक प्रतिनिधि मंडल एसपी अंजनी कुमार और फिर सदर एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह से मिला। उन्होंने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग रखी। जिला पार्षद सबा ने कहा- “अगर ऐसी घटनाओं में कठोर सजा नहीं मिली तो बाहर से आकर यहां नौकरी करने वाली लड़कियां खुद को कभी सुरक्षित महसूस नहीं कर पाएंगी।”
पुलिस जांच जारी- हर एंगल से पड़ताल
पुलिस का कहना है कि वे सभी आरोपों की जांच कर रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और तकनीकी व फोरेंसिक सबूत जुटाए जा रहे हैं। पुलिस परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों को भी गंभीरता से देख रही है। अधिकारियों ने बताया कि आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों पर निर्भर करेगी। शिवानी की हत्या ने पूरे जिले में गुस्सा और डर दोनों पैदा कर दिया है।

