अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Entertainment News: उदयपुर इन दिनों सचमुच रोशनी, संगीत और सितारों के बीच डूबा हुआ है। जगमंदिर आइलैंड पैलेस में हो रही रॉयल वेडिंग ने हॉलीवुड से लेकर बॉलीवुड तक का ध्यान खींच लिया है। और जब शुक्रवार रात अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे, डोनाल्ड ट्रंप जूनियर अपनी गर्लफ्रेंड बेटिना एंडरसन के साथ पहुंचे, तो माहौल और भी चमक उठा।
रणवीर सिंह के साथ मंच पर थिरके ट्रंप जूनियर
शादी के प्री-वेडिंग फंक्शनों में एक ऐसा पल आया जिसने सभी मेहमानों को हैरान कर दिया। स्टेज पर अचानक रणवीर सिंह और ट्रंप जूनियर एक साथ नाचते हुए दिखाई दिए। तेज संगीत, चारों ओर चमकती रोशनी और दोनों की एनर्जी ने पूरे माहौल को रोमांच से भर दिया। मेहमानों ने इस पल को अपने कैमरों में कैद करना नहीं भूला।
जगमंदिर और लेक पैलेस में रंगारंग रस्में
अमेरिकी अरबपति रामा राजू मंटेना की बेटी नेत्रा मंटेना और अमेरिकी मूल के वामसी गडिराजू की शादी का समारोह 23 से 24 नवंबर तक चल रहा है। शुक्रवार को ताज लेक पैलेस में हल्दी की रस्म से दिन की शुरुआत हुई, जिसके बाद सिटी पैलेस में हुआ धमाकेदार कार्यक्रम रातभर चर्चा में रहा।
बॉलीवुड सितारों ने सजाई शाम
कार्यक्रम में बॉलीवुड सितारों की मौजूदगी ने माहौल को और आलीशान बना दिया। माधुरी दीक्षित, जैकलीन फर्नांडिस, कृति सेनन और वरुण धवन ने अपनी शानदार परफॉर्मेंस से मेहमानों को झूमने पर मजबूर कर दिया। जैकलीन ने ‘लाल परी’ सहित कई लोकप्रिय गानों पर नृत्य किया, जबकि वरुण धवन की परफॉर्मेंस रात का खास आकर्षण रही।
डायरेक्टर और प्रोड्यूसर करण जौहर ने स्टेज पर एक मजेदार टॉक शो भी होस्ट किया, जिसमें उन्होंने दूल्हा-दुल्हन से हल्के-फुल्के और दिलचस्प सवाल पूछे।
उदयपुर की पिछोला झील के बीच बना जगमंदिर पैलेस दुनिया भर में अपनी खूबसूरती के लिए मशहूर है, और जब यहां इतनी बड़ी सेलिब्रिटी वेडिंग होती है, तो माहौल वाकई जादुई हो जाता है।

