अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Patna News: बिहार में नई सरकार के शपथ ग्रहण के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की खुलकर तारीफ की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी ने नीतीश कुमार को बधाई देते हुए लिखा कि वे एक कुशल और अनुभवी प्रशासक हैं, जिनका सुशासन का रिकॉर्ड पूरे देश में मिसाल माना जाता है।
नीतीश कुमार ने गुरुवार को गांधी मैदान में 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, और इस मौके पर पीएम मोदी खुद मौजूद थे। मंच पर शपथ के बाद नीतीश और मोदी की मुलाकात भी काफी चर्चा में रही।
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को भी बधाई
प्रधानमंत्री ने एक अलग पोस्ट के ज़रिये सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा को भी उपमुख्यमंत्री बनने पर शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने लिखा कि दोनों ही नेता जमीनी स्तर पर लंबे समय से काम कर रहे हैं और उनके अनुभव से बिहार को फायदा मिलेगा।
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि यह टीम बिहार को नई ऊँचाइयों तक ले जाने की क्षमता रखती है।
नई मंत्रिपरिषद को ‘समर्पित टीम’ बताया
एक और पोस्ट में प्रधानमंत्री ने उन सभी मंत्रियों को शुभकामनाएँ दीं, जिन्होंने शपथ ली। उन्होंने इस मंत्रिपरिषद को “समर्पित नेताओं की शानदार टीम” बताया और विश्वास जताया कि यह टीम राज्य के विकास की रफ्तार को और तेज़ करेगी।
नीतीश कुमार के साथ शपथ लेने वालों में विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार, मंगल पांडे, दिलीप जायसवाल, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, मदन सहनी, नितिन नबीन, रामकृपाल यादव और कई नए चेहरे शामिल थे। शपथ ग्रहण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद थे।
गांधी मैदान में हुई यह भव्य राजनीतिक रैली बिहार की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत के रूप में देखी जा रही है।
इस खबर भी पढ़ें: नीतीश कुमार ने रचा इतिहास, 10वीं बार बने बिहार के मुख्यमंत्री

