अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bihar News: बिहार चुनाव के नतीजे सामने आते ही एनडीए खेमे में जश्न का माहौल है, लेकिन इसी बीच लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य से जुड़े विवाद ने पूरे राज्य की राजनीति का तापमान बढ़ा दिया है। सोशल मीडिया की बयानबाजी से शुरू हुआ मामला अब नेताओं के तीखे बयानों तक पहुंच गया है।
शालिनी मिश्रा का कड़ा तंज
केसरिया सीट से जीत दर्ज कर दोबारा विधानसभा पहुंची जदयू विधायक शालिनी मिश्रा ने इस पूरे विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि रोहिणी का मामला किसी भी परिवार के लिए दुखद है और ऐसा किसी के साथ नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह आश्चर्य की बात है कि ऐसा विवाद लालू यादव जैसे अनुभवी नेता के घर में हो रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि परिवार फिर से एकजुट हो जाए।
फिर उनका निशाना सीधे तेजस्वी यादव की ओर मुड़ गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि तेजस्वी पहले “माई-बहिन सम्मान योजना” अपने घर से शुरू करें और फिर बिहार की चर्चा करें। उनका कहना था कि सिर्फ लालू प्रसाद यादव का बेटा होना किसी को नेतृत्व का हक नहीं दे देता, इसके लिए क्षमता भी चाहिए और यही क्षमता तेजस्वी में नजर नहीं आती।
एनडीए की जीत पर जताई खुशी
शालिनी मिश्रा ने कहा कि बिहार की जनता ने एक बार फिर न्याय, विकास और स्थिरता पर भरोसा जताया है। उनके मुताबिक लोगों ने जंगलराज की वापसी रोकने के लिए एनडीए को मजबूत जनादेश दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भरोसा जताने के लिए जनता का खास तौर पर धन्यवाद किया।
उन्होंने यह भी कहा कि पिछले पांच साल की तरह वे आगे भी पूरी तरह जनता के लिए उपलब्ध रहेंगी और केसरिया विधानसभा के विकास को अपनी प्राथमिकता बनाए रखेंगी।

