अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bihar News: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 (Bihar Election Results) का सबसे अहम दिन आ गया है। राज्य की 243 सीटों पर पड़े वोटों की गिनती आज सुबह आठ बजे से शुरू होगी और देर रात तक तस्वीर साफ हो जाएगी कि सत्ता की कमान किसके हाथ में जाएगी। इस बार दो चरणों में हुए चुनाव में कुल 2,616 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनकी किस्मत ईवीएम और बैलेट बॉक्स में बंद है।
सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती होगी और उसके करीब आधे घंटे बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की काउंटिंग शुरू होगी। चुनाव आयोग ने साफ कर दिया है कि पूरे राज्य में मतगणना केंद्रों की सुरक्षा और पारदर्शिता के लिए कड़े प्रोटोकॉल लागू किए गए हैं। किसी भी मतगणना हॉल के अंदर मोबाइल ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित होगा।
काउंटिंग पर कड़ी निगरानी, सुरक्षा के तीन घेरे
सभी केंद्रों पर सीसीटीवी और वीडियोग्राफी के जरिए निगरानी की व्यवस्था की गई है। 243 मतगणना प्रेक्षकों की नियुक्ति की गई है, जो हर राउंड पर नजर रखेंगे। हर हाल में 15 टेबल लगाए गए हैं—14 टेबलों पर ईवीएम की गिनती और एक टेबल पर सहायक निर्वाचन अधिकारी की निगरानी में अलग प्रक्रियाएं होंगी। सुरक्षा के लिए तीन परतें तैयार की गई हैं—पहली परत में केंद्रीय अर्धसैनिक बल, दूसरी में बिहार सैन्य पुलिस और तीसरी में जिला पुलिस तैनात है।
कई जिलों में बड़ी संख्या में सीटें होने के कारण अलग-अलग भवनों में काउंटिंग की व्यवस्था की गई है। पटना में 14 सीटों की गिनती एएन कॉलेज में होगी और यहां की मोकामा सीट का रिजल्ट सबसे पहले, जबकि दीघा का रिजल्ट सबसे आखिरी आने की संभावना है।
महागठबंधन बनाम एनडीए—किसके पक्ष में जाएगा जनादेश?
एग्जिट पोल्स ने इस बार एनडीए को भारी जीत मिलने का संकेत दिया है, जिसके चेहरे हैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार। उनके साथ जेडीयू, बीजेपी, एलजेपी (रामविलास), हम और आरएलएम गठबंधन में शामिल हैं। दूसरी तरफ महागठबंधन तेजस्वी यादव के नेतृत्व में पूरी दमदारी से मैदान में है। इस चुनाव को तेजस्वी यादव के राजनीतिक भविष्य से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
67 प्रतिशत से ज्यादा मतदान ने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है। महिला और युवा वोट का असर नतीजों पर गहरा पड़ सकता है, ऐसा चुनाव विशेषज्ञों का मानना है।
राज्य के सभी जिलों—चंपारण, सीतामढ़ी, वैशाली, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, गोपालगंज, कटिहार, बक्सर, गया, जमुई और अन्य क्षेत्रों—में मतगणना केंद्र पूरी तरह तैयार हैं। अधिकतर जिलों में बाजार समितियों, कॉलेजों और प्रशिक्षण संस्थानों को काउंटिंग स्थल बनाया गया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि आज देर रात तक सभी सीटों के औपचारिक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। अब सबकी नजर इस बात पर है कि बिहार की सत्ता में कौन वापस लौटता है और किसके दावे को जनता मुहर लगाती है।

