अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। इनके पास से 28.59 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है, जिसकी बाजार कीमत करीब 5 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक रांची को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 31 अक्टूबर की रात्रि में वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि कुछ लोग बिहार के सासाराम से ब्राउन शुगर लेकर रांची स्टेशन से पहाड़ी मंदिर, सुखदेवनगर की ओर मोटरसाइकिल से आ रहे हैं। इस सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक नगर रांची के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम (SIT) का गठन किया गया।
रात करीब 12:30 बजे जब टीम बानों मंजिल रोड पर निगरानी कर रही थी, तभी एक यामाहा मोटरसाइकिल (संख्या JH01B-9752) पर सवार तीन संदिग्ध युवक दिखे। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की और तलाशी के दौरान उनके पास से ब्राउन शुगर बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवा राम (29 वर्ष), निवासी किशोरगंज बाल्मिकी नगर, अमर कुमार यादव (25 वर्ष), निवासी रानीसती मंदिर लेन, रातू रोड और सूरज कुमार शर्मा (31 वर्ष), निवासी कमलाकांत रोड, नावा टोली, पहाड़ी लेन, सुखदेवनगर के रूप में हुई है। तलाशी में शिवा राम के पास से 28.59 ग्राम, अमर कुमार यादव के पास से 4.30 ग्राम और सूरज कुमार शर्मा के पास से 2.24 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे बिहार सासाराम के बबन साह उर्फ मौसा जी और सूरज कुमार नामक व्यक्तियों से ब्राउन शुगर खरीदते थे और रांची में ऊंचे दामों पर बेचते थे। तीनों को हिरासत में लेकर सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 954/25, दिनांक 01.11.25 के तहत धारा 21(B)/22/29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अमर कुमार यादव पहले से कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उस पर सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 18/19 (धारा 302, 201, 34 भा.द.वि.) और कोतवाली थाना कांड संख्या 204/22 (धारा 366A भा.द.वि. एवं 4/8 पोक्सो एक्ट) के तहत मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में डीएसपी प्रकाश सोय, डीएसपी दुसरू बानसिंह, डीएसपी बिनीत किण्डो, थाना प्रभारी कृष्ण कुमार साहू तथा मेहश मुंडा, प्रेम हॉसदा, बजरंग टोप्पो, बबलू बेसरा समेत अन्य पुलिस कर्मियों की टीम शामिल रही।

