अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Patna News: आस्था और उत्सव के बीच इस बार छठ महापर्व ने बिहार को गहरे दुख में डुबो दिया। राज्यभर में 83 लोगों की डूबने से मौत की पुष्टि हुई है। कई परिवारों में जहां सूर्योदय की पूजा की तैयारी थी, वहीं अचानक मातम छा गया। अधिकतर हादसे छठ घाटों पर अर्घ्य देने, नहाने या घाट बनाने के दौरान हुए।
पटना में सबसे ज्यादा हादसे, 9 की गई जान
राजधानी पटना सबसे ज्यादा दर्दनाक घटनाओं का गवाह बना। गंगा स्नान के दौरान 15 लोग डूबे, जिनमें 9 की मौत हो गई। मोकामा, बाढ़, बिहटा और खगौल के घाटों पर हादसे हुए। मनेर में दो लोग अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश एसडीआरएफ टीम कर रही है।
मोकामा के मरांची के बादपुर घाट पर एक हृदयविदारक घटना ने सबको झकझोर दिया। रॉकी पासवान (21) नाम के युवक की गंगा में डूबने से मौत हो गई। दुखद बात यह कि रॉकी की मौत की खबर सुनकर उसकी बहन सपना कुमारी को भी सदमा लगा और कुछ ही घंटों में उसने दम तोड़ दिया। परिवार में खुशी का माहौल था क्योंकि रॉकी ने हाल ही में होमगार्ड का फिजिकल टेस्ट पास किया था। लेकिन छठ के दिन उनका सपना हमेशा के लिए अधूरा रह गया।
दक्षिण, पूर्वी और उत्तर बिहार में भी कई मौतें
रिपोर्ट के अनुसार,
-
दक्षिण बिहार में 34 लोग
-
कोसी-सीमांचल और पूर्वी बिहार में 30 लोग
-
उत्तर बिहार में 19 लोग
डूबकर अपनी जान गंवा बैठे।
वैशाली जिले के राघोपुर और महुआ में दो किशोरों की मौत हो गई, जो घाट पर नहाने गए थे। महनार में एक महिला व्रती डूब गई। गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र में दो श्रद्धालु डूबे, जबकि औरंगाबाद, भोजपुर, बेगूसराय, नावानगर और रोहतास में भी हादसों की खबरें आईं।
छठ व्रती की हार्ट अटैक से मौत
बाढ़ के जमुनीचक इलाके में 60 वर्षीय व्रती मुन्नी देवी छठ पूजा के बाद गंगा घाट से लौट रही थीं, जब अचानक उन्हें हार्ट अटैक आया।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रशासन की चौकसी पर उठे सवाल
छठ जैसे महापर्व में सुरक्षा के सख्त इंतजाम होने चाहिए थे, लेकिन कई जगहों पर घाटों पर रेलिंग या चेतावनी बोर्ड तक नहीं लगे थे। कई व्रती बिना सुरक्षा उपायों के गहरे पानी में उतर गए। अब प्रशासन ने सभी जिलों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और अगले साल के लिए सुरक्षा प्रोटोकॉल मजबूत करने की बात कही है। लोग सोशल मीडिया पर शोक संवेदना जता रहे हैं और प्रशासन से बेहतर सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।

