अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Saraikela-Karsawan News: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में बुधवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े एक ग्राहक सेवा केंद्र (सीएससी) में लूट की वारदात को अंजाम दिया। यह घटना राजनगर थाना क्षेत्र के छोटा सिजुलता स्थित नवोदय चौक के पास हुई।
पुलिस के अनुसार, तीन युवक अपाचे बाइक से पहुंचे और हथियार के बल पर केंद्र संचालक अनूप महाकुड़ से 60 हजार रुपये नकद लूट लिए। स्थानीय लोगों ने शोर मचाकर उनका पीछा किया तो अपराधियों की बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। भीड़ को पास आता देख उन्होंने तीन राउंड फायरिंग की और भाग निकले।
सौभाग्य से गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन इलाके में दहशत और अफरा-तफरी फैल गई।
पुलिस ने की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल से गोली के खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच में जुटी है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
घटना स्थल के पास ही मां दुर्गा फोटो स्टूडियो और ग्राहक सेवा केंद्र दोनों एक ही परिसर में स्थित हैं, जहां अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया था। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

