अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Patna News: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। पार्टी ने कुल 71 सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए हैं। इस सूची में दोनों डिप्टी सीएम, पूर्व डिप्टी सीएम और कई वरिष्ठ मंत्रियों के नाम शामिल हैं।
भाजपा की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तारापुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे, जबकि डिप्टी सीएम विजय सिन्हा को लखीसराय से उम्मीदवार बनाया गया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद कटिहार से मैदान में उतरेंगे।
इसके अलावा प्रमुख मंत्रियों में रेणु देवी, प्रेम कुमार, मंगल पांडे, कृष्ण कुमार, राम नारायण मंडल और नितिन नबीन को भी टिकट मिला है। पार्टी ने कई वर्तमान विधायकों को उनकी परंपरागत सीटों से उम्मीदवार बनाया है, वहीं कुछ नए चेहरों को भी मौका दिया गया है।
NDA में सीट बंटवारा तय, चुनावी तैयारी जोर पर
बीजेपी की यह सूची ऐसे समय में आई है जब NDA में सीट बंटवारे को लेकर बातचीत पूरी हो चुकी है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और आरएलएम प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने पुष्टि की कि NDA दलों के बीच सभी विवाद सुलझा लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में गठबंधन पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतर रहा है।
सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA पूरी तरह एकजुट और तैयार है।” चिराग पासवान ने भी यही संदेश साझा करते हुए कहा कि “NDA सरकार, बिहार है तैयार।”
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बीजेपी की पहली सूची राज्य में चुनावी उत्साह को और बढ़ा देगी। अगले चरणों में पार्टी शेष सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित कर सकती है।

