अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Chatra News: चतरा जिले के दिरीदाग पहाड़ी पर 8 अक्टूबर 2005 को माओवादियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए एसडीपीओ विनय भारती और अन्य जवानों को बुधवार को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। श्रद्धांजलि सभा शहर के कॉलेज रोड स्थित शहीद विनय भारती पार्क में आयोजित की गई।
इस अवसर पर उपायुक्त (डीसी) कृतिश्री और एसपी सुमित कुमार अग्रवाल सहित कई पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने शहीदों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि विनय भारती और उनके साथियों की वीरता और बलिदान नक्सलवाद के खिलाफ पुलिस के साहसिक संघर्ष का प्रतीक हैं।
ज्ञात हो कि 8 अक्टूबर 2005 को चतरा के तत्कालीन एसडीपीओ विनय भारती, सीआरपीएफ के सहायक कमांडेंट जेडी अमर समेत एक दर्जन जवान माओवादियों से मुठभेड़ में शहीद हो गए थे। पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि दिरीदाग पहाड़ी पर लेवी के पैसों से भरा एक बक्सा छिपाया गया है। जैसे ही टीम ने आयरन चेस्ट (लोहे का बक्सा) खोला, उसमें जोरदार विस्फोट हुआ और उसी समय पहले से घात लगाए नक्सलियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी थी।
समारोह में मौजूद लोगों ने कहा कि यह बलिदान हमेशा प्रेरणा देता रहेगा और शहीदों की यादें आने वाली पीढ़ियों को कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देती रहेंगी।

