अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Koderma News: सैनिक स्कूल तिलैया में “एक भारत श्रेष्ठ भारत – 1/25 बिहार एंड झारखंड निदेशालय” के तत्वावधान में राष्ट्रीय स्तर का NCC शिविर आयोजित किया गया। यह आयोजन ग्रुप हेड क्वार्टर हजारीबाग के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर एस. गोपीकृष्णन (सेना मेडल) के मार्गदर्शन और 45 झारखंड बटालियन NCC कोडरमा के कमांडिंग ऑफिसर विजय कुमार (सेना मेडल) के नेतृत्व में हुआ।
देश के विभिन्न राज्यों — आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड निदेशालयों से आए 601 कैडेट्स ने इस भव्य शिविर में हिस्सा लिया। सुबह की शुरुआत योग सत्र से हुई, जिसका संचालन योग गुरु प्रदीप सुमन और योगाचार्य सुषमा सुमन ने किया। कैडेट्स ने भस्त्रिका, अनुलोम-विलोम, कपालभाति जैसे आसन किए। सुषमा सुमन ने कहा, “हर व्यक्ति को रोज़ 30 मिनट योग करना चाहिए। इससे मन शांत रहता है और एकाग्रता बढ़ती है।”
शिविर के उद्घाटन सत्र में कमांडिंग ऑफिसर विजय कुमार (सेना मेडल) ने प्रेरणादायक संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि “एक भारत श्रेष्ठ भारत” का उद्देश्य देश की एकता, सांस्कृतिक विविधता और आपसी सद्भाव को मजबूत करना है। उन्होंने कैडेट्स से कहा, “अनुशासन ही जीवन का आधार है, और आत्मविश्वास से कोई भी चुनौती जीती जा सकती है।”
इसके बाद स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (सैनिक स्कूल तिलैया शाखा) के एसोसिएट मैनेजर वीरेंद्र कुमार ने डिजिटल बैंकिंग सुरक्षा और साइबर फ्रॉड से बचाव पर विशेष सत्र लिया। उन्होंने ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के दौरान सावधानी बरतने की जरूरी बातें बताईं।
शाम के सत्र में कैडेट्स ने “कल्चरल हेरिटेज एंड ट्रेडिशन ऑफ द स्टेट” थीम पर रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। नृत्य, नाटक और लोक गीतों के ज़रिए भारत की विविधता और एकता का सुंदर संगम दिखा। मंच संचालन सेकंड ऑफिसर और सांस्कृतिक संयोजक अभिजीत आनंद ने किया।
इस शिविर की सफलता में कई अधिकारियों और प्रशिक्षकों का अहम योगदान रहा। कैंप के नोडल ऑफिसर (मीडिया) लेफ्टिनेंट संतोष कुमार, थर्ड ऑफिसर नवीन चौधरी, सूबेदार मेजर अरविंद कुमार, ट्रेनिंग जेसीओ बलविंदर सिंह, और बटालियन के प्रधान सहायक राजेश कुमार समेत कई सहयोगियों ने कैंप के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस आयोजन ने साबित किया कि अनुशासन, एकता और विविधता ही भारत की असली ताकत है।

