अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Patna News: बिहार में एक बार फिर चुनावी बिगुल बज चुका है। सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों की औपचारिक घोषणा की। उन्होंने बताया कि राज्य में दो चरणों में मतदान संपन्न होगा—पहले चरण का मतदान 6 नवंबर और दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा। मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि बिहार विधानसभा की सभी 243 सीटों पर दो चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण में 121 सीटों के लिए मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण में 122 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। उन्होंने बताया कि चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और आयोग इस बार सुरक्षा एवं पारदर्शिता पर विशेष ध्यान दे रहा है। किसी भी प्रकार की हिंसा या फेक न्यूज प्रसार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फेज-1 शेड्यूल
-
कुल सीटें: 121
-
नोटिफिकेशन जारी: 10 अक्टूबर 2025
-
नामांकन की अंतिम तिथि: 17 अक्टूबर 2025
-
जांच तिथि: 18 अक्टूबर 2025
-
नाम वापस लेने की अंतिम तिथि: 20 अक्टूबर 2025
-
मतदान दिवस: 6 नवंबर 2025
फेज-2 शेड्यूल
-
कुल सीटें: 122
-
नोटिफिकेशन: 13 अक्टूबर 2025
-
नामांकन की अंतिम तिथि: 20 अक्टूबर 2025
-
जांच तिथि: 21 अक्टूबर 2025
-
नाम वापस लेने की अंतिम तिथि: 23 अक्टूबर 2025
-
मतदान दिवस: 11 नवंबर 2025
-
नतीजे: 14 नवंबर 2025
ज्ञानेश कुमार ने बताया कि पूरे बिहार में मतदाताओं की संख्या लगभग 7.43 करोड़ है। इनमें 3.92 करोड़ पुरुष, 3.50 करोड़ महिलाएं और 1,725 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 7.2 लाख दिव्यांग वोटर, 4.04 लाख 85 वर्ष से अधिक उम्र के और करीब 14 हजार 100 वर्ष से ऊपर के वरिष्ठ मतदाता भी चुनावी प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे। इस बार लगभग 14 लाख युवा पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
बिहार विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 22 नवंबर को समाप्त होने जा रहा है। चुनाव आयोग ने पहले ही साफ कर दिया था कि 22 नवंबर से पहले नई विधानसभा का गठन पूरा कर लिया जाएगा। तारीखों की घोषणा के साथ अब यह तय हो गया है कि बिहार समय पर नई सरकार के साथ अपनी अगली राजनीतिक पारी शुरू करेगा।

