अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
India News: हरियाणा में एक और पाकिस्तान प्रेमी यू-ट्यूबर के खिलाफ बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने पलवल जिले के हथीन उपमंडल के कोट गाँव निवासी वसीम को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया है। सीआईए पलवल प्रभारी पीएसआई दीपक गुलिया के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई ने खुफिया विभाग को भी सकते में डाल दिया है।
व्हाट्सएप से पाक अधिकारियों को भेजता था सूचना
जांच में सामने आया कि वसीम पिछले चार साल से पाकिस्तान में तैनात अधिकारियों से व्हाट्सएप पर संपर्क में था। 2021 में पाकिस्तान की यात्रा के लिए वीजा बनवाने के दौरान वह पाक दूतावास में नियुक्त कर्मचारी दानिश और एक अन्य अधिकारी के संपर्क में आया। इसके बाद से ही वसीम लगातार उनसे संवाद करता रहा और संदिग्ध जानकारी साझा करता रहा। उसने दिल्ली जाकर पाक अधिकारियों को एक सिम कार्ड भी उपलब्ध कराया था।
चैट से खुला राज, साइबर टीम जांच में जुटी
पुलिस को वसीम के फोन से कई व्हाट्सएप चैट मिली हैं। कुछ चैट उसने डिलीट भी कर दी थी, जिन्हें अब साइबर तकनीक से रिकवर किया जा रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर वसीम ने पाकिस्तान को कौन-कौन सी संवेदनशील जानकारी दी थी।
यू-ट्यूबर वसीम का प्रोफ़ाइल
वसीम पिता के साथ गाँव में अस्पताल चलाने में सहयोग करता था और एक यूट्यूब चैनल भी संचालित करता था। रिश्तेदारी पाकिस्तान में होने के चलते वह बार-बार उस देश में जाने का प्रयास करता रहा। हालांकि, परिजनों का कहना है कि वसीम कभी पाकिस्तान नहीं गया।
तौफीक के मामले से जुड़ा नाम
इससे पहले 26 सितंबर को आलीमेव गाँव निवासी तौफीक को भी जासूसी में पकड़ा गया था। पूछताछ के दौरान वसीम का नाम सामने आया, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर कोर्ट से रिमांड पर लिया गया है। अब उसका नाम तौफीक के खिलाफ दर्ज देशद्रोह केस में जोड़ दिया गया है।
इस खबर को भी पढ़ें: दानिश के चक्कर में फंसी और पाकिस्तान के लिए जासूसी करने लगी ज्योति मल्होत्रा

