अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
India News: मशहूर गायक और पूर्वोत्तर के संगीत आइकॉन जुबीन गर्ग की मौत ने पूरे देश को हिला दिया था। उनकी मौत सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान हुई थी। अब इस मामले में असम पुलिस ने दो बड़ी गिरफ्तारियां की हैं। जुबीन गर्ग के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा को गुरुग्राम से जबकि नॉर्थईस्ट फेस्टिवल के आयोजक श्यामकानु महांता को दिल्ली एयरपोर्ट से अरेस्ट किया गया है। दोनों को कोर्ट ने 14 दिन की कस्टडी में भेज दिया है।
असम पुलिस की पूछताछ जारी
असम पुलिस अब इन दोनों से दो हफ्तों तक पूछताछ करेगी। एसआईटी ने इससे पहले जुबीन गर्ग के गुवाहाटी स्थित दतलपारा इलाके में मैनेजर के घर पर तलाशी भी ली थी। पुलिस का मानना है कि जुड़े हुए फोन और डिजिटल साक्ष्य केस की गुत्थी सुलझाने में मदद करेंगे।
पत्नी गरिमा गर्ग ने जताया संदेह
जुबीन गर्ग की पत्नी गरिमा गर्ग ने पहले ही कहा था कि हादसे के समय जो लोग मौजूद थे, वे सभी संदेह के घेरे में हैं। उनकी पीड़ा छलकते हुए सामने आई और प्रशंसकों ने भी ‘जुबीन को न्याय’ दिलाने की मांग उठाई। जुबीन के आकस्मिक निधन पर पूरे असम और उत्तर-पूर्व में शोक की लहर दौड़ गई।
मुख्यमंत्री ने दिए सख्त निर्देश
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इस मामले में कहा था कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। इसके लिए आयोजकों और मैनेजर के खिलाफ पहले ही लुकआउट नोटिस जारी किया गया था। मुख्यमंत्री ने कहा था कि किसी भी कीमत पर आरोपियों को भागने नहीं दिया जाएगा।
कैसे हुआ हादसा?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जुबीन गर्ग नॉर्थईस्ट फेस्टिवल में शामिल होने सिंगापुर गए थे। वहीं, क्रू मेंबर्स और कुछ करीबी लोगों के साथ स्कूबा डाइविंग के दौरान हादसा हुआ। जुबीन गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत ने हर प्रशंसक को गहरे सदमे में डाल दिया है।
शोक और आक्रोश
जुबीन गर्ग के अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। प्रशंसक और संगीत प्रेमी अब इस हादसे की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त सजा की मांग कर रहे हैं। पुलिस की यह कार्रवाई उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

