अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
India news: भाजपा के एक प्रवक्ता द्वारा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को लाइव टीवी पर जान से मारने की खुली धमकी देने पर कांग्रेस पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस ने इस घटना को बेहद गंभीर और साजिशपूर्ण बताते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस के प्रवक्ता पवन खेड़ा ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि यह केवल एक बार की धमकी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को लिखे गए सरकार के पत्र और उसकी सामग्री के जानबूझकर लीक होने से इस पूरी घटना के पीछे साजिश की गंध आती है। उन्होंने कहा कि ऐसे नेता की सुरक्षा पर राजनीति करना जो अपने परिवार के दो सदस्यों को हिंसा में खो चुका हो, बेहद खतरनाक है।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने दिया विवादित बयान
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीकों से सुलझाए जाएं, लेकिन भाजपा प्रवक्ताओं द्वारा लाइव टीवी पर जान से मारने की धमकियां निकालना पूरी तरह अस्वीकार्य है। यह भारत के संवैधानिक मूल्यों पर हमला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का संघर्ष भाजपा और आरएसएस की विचारधारा के खिलाफ रहा है, जिसकी वजह से भाजपा में बौखलाहट है।
कांग्रेस ने भाजपा से मांगा साफ-साफ जवाब
वेणुगोपाल ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर उक्त प्रवक्ता के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस प्रवक्ता को पार्टी से तुरंत निष्कासित किया जाना चाहिए ताकि यह स्पष्ट हो सके कि ऐसे एवं अतिवादी बयान भाजपा की आधिकारिक सोच नहीं हैं। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में सख्त कदम नहीं हुए, तो यह लोकतांत्रिक विमर्श के लिए घातक होगा।

