अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
India News: हरियाणा के पानीपत से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां जाटल रोड स्थित एक निजी स्कूल में एक कैब ड्राइवर ने सात साल के बच्चे की कथित तौर पर पिटाई की और उसे खिड़की से उल्टा लटका दिया। हालांकि यह घटना अगस्त में हुई थी, लेकिन बच्चे के माता-पिता को शनिवार को इसकी जानकारी तब हुई जब मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। उन्होंने तुरंत स्कूल प्रिंसिपल से संपर्क किया और मॉडल टाउन पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
सात साल के बच्चे को बेरहमी से पीटा और उल्टा लटकाया
घटना अगस्त की है लेकिन बच्चे के माता-पिता को शनिवार को इसकी जानकारी तब हुई, जब मारपीट और खिड़की से उलटा लटकाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। उन्होंने तुरंत स्कूल प्रिंसिपल से संपर्क किया और मॉडल टाउन पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कैब ड्राइवर अजय के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जाँच शुरू कर दी है।
स्कूल प्रिंसिपल का भी गलत व्यवहार उजागर हुआ
पीड़ित बच्चे की मां ने बताया कि उनके बेटे का इसी साल विराट नगर स्थित सृजन पब्लिक स्कूल में दूसरी कक्षा में दाखिला हुआ था। उन्होंने बताया कि यह घटना 13 अगस्त को हुई थी। शनिवार को जब इस परिवार ने वायरल वीडियो को देखा तो वे बच्चे की हालत देखकर अचरज में पड़ गए जिसमें उनके बेटे के पैर रस्सी से बंधे हुए थे और उसे स्कूल यूनिफॉर्म में खिड़की से लटकाकर रखा गया था। एक अन्य वीडियो में उसी स्कूल की प्रिंसिपल दो अन्य बच्चों को दूसरे बच्चों के सामने थप्पड़ मारती हुई दिखाई दे रही थी।
जब पीड़ित परिवार ने स्कूल की प्रिंसिपल से इस बारे में पूछताछ की तो उन्होंने दावा किया कि उन्हें वीडियो के बारे में कुछ नहीं पता था। बहरहाल पीड़ित बच्चे ने अपनी मां को बताया कि अजय अंकल ने उसे खिड़की से लटका दिया था। उससे पहले थप्पड़ मारे थे और इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया था। पीड़ित बच्चे की मां ने बताया कि उस बच्चे का कसूर इतना था कि वह होम वर्क करके नहीं आया था। पीड़ित मां ने आगे बताया कि जब वह और स्कूल की प्रिंसिपल रिफाइनरी रोड स्थित अजय के घर गए, तो उसने वहां कुछ लड़कों को उनसे लड़ने के लिए भेज दिया।
आरोपों पर पुलिस ने किया कार्रवाई शुरू
शिकायत के बाद रविवार को पुलिस ने पीड़ित, उसके माता-पिता और प्रिंसिपल के साथ घटनास्थल का मुआयना किया है। पुलिस ने जुवेनाइल एक्ट के तहत आरोपी कैब ड्राइवर अजय के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ित बच्चे की मां रीना ने बताया कि अजय बच्चों के साथ अक्सर अनुचित व्यवहार करता था और कुछ अभिभावकों ने उसके आचरण की शिकायत की थी। उसने दावा किया कि उसने खुद यह सब देखा था। कई शिकायतें मिलने के बाद अजय को 30 अगस्त को नौकरी से निकाल दिया गया था।

