अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
India News: 17 छात्राओं के यौन शोषण के मामले में फरार चल रहे बाबा चैतन्यानंद को आखिरकार दिल्ली पुलिस ने यूपी के आगरा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में थी। आरोपी बाबा कथित रूप से ताजगंज इलाके के होटल ‘होम फर्स्ट’ के कमरे नंबर 101 में छिपा हुआ था। दिल्ली के वसंत कुंज स्थित श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट के 17 छात्राओं ने बाबा पर यौन शोषण का आरोप लगाया था, जिसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी।
बाबा चैतन्यानंद के खिलाफ सिर्फ यौन शोषण ही नहीं, बल्कि फर्जी नंबर प्लेट और धर्म के नाम पर धोखाधड़ी समेत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बाबा छात्राओं को विदेश में पढ़ाई के नाम पर पैसे और लालच देता था और गंदी नजरें रखता था। करीब 9 साल पहले भी एक महिला ने आरोप लगाया था कि बाबा उसे बड़े-बड़े होटल ले जाने के लिए दबाव डालता था। हाल ही में आरोपी ने जमानत के लिए कोर्ट का रुख किया था, लेकिन कोर्ट ने गंभीर आरोपों के मद्देनजर जमानत याचिका खारिज कर दी।
होटल ‘होम फर्स्ट’ से धराया आरोपी
पुलिस जांच में पता चला कि बाबा लगातार होटल बदल रहा था। ताजगंज के ‘होम फर्स्ट’ होटल में उसने कमरा नंबर 101 को अड्डा बना रखा था और रात को छात्राओं को बुलाता था। शनिवार-रविवार की रात करीब 3:30 बजे दिल्ली पुलिस की टीम ने होटल में छापा मारा और रूम नंबर 101 से बाबा को गिरफ्तार किया। होटल स्टाफ ने बताया कि बाबा अपने साथी कौशल के साथ आया था और आईडी जमा करवाई थी। पुलिस ने बिना किसी को सूचित किए सीधे कमरे में गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी की।
दिल्ली ले गई पुलिस
गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी को सीधे दिल्ली ले गई। केस में आगे की पूछताछ, साक्ष्य और अन्य गिरफ्तारियों की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने छात्राओं को न्याय दिलाने का भरोसा दिया है और मामले में सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
इस खबर को भी पढ़ें: ईमेल ने खोले बाबा चैतन्यानंद के घिनौने राज, छात्राओं की चीख से हिला शारदा पीठ

