अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
चैनपुर प्रखंड में बुधवार को क्षय (टीबी) रोगियों के लिए पोषण योजना के तहत हिंडाल्को कंपनी के सहयोग से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 28 टीबी मरीजों को पोषण किट प्रदान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा ने मरीजों को प्रोत्साहित करते हुए कहा की सरकार और समाज मिलकर जब एकजुटता से काम करेंगे तभी टीबी जैसी गंभीर बीमारी पर नियंत्रण पाया जा सकेगा। पोषण किट मरीजों के स्वास्थ्य सुधार में बड़ी भूमिका निभाएगा। जिला परिषद सदस्य श्रीमती लकड़ा ने टीवी कार्य में लगे एस टी एस की कार्यों की प्रशंसा की चैनपुर की मुखिया शोभा देवी ने कहा की “चैनपुर प्रखंड में गरीबी और नशे के सेवन के कारण टीबी मरीजों की संख्या अधिक है। ऐसे में पोषण योजना मरीजों को नई ऊर्जा देने का काम करेगी। सभी मरीज नियमित दवा लें और नशे से दूरी बनाएँ।” अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चैनपुर के डॉ. धनुर्जय सुम्ब्रई ने बताया की ‘टीबी मरीजों को उचित इलाज और संतुलित आहार मिलना बहुत जरूरी है। समय पर दवा लेने और पौष्टिक भोजन करने से मरीज निश्चित ही स्वस्थ हो सकते हैं।” नेत्र पदाधिकारी डॉ. राजेश इंदवार ने कहा की ‘समाज को चाहिए कि वह टीबी मरीजों को अलग-थलग करने की बजाय उनका मनोबल बढ़ाए। बीमारी से लड़ाई तभी जीती जा सकती है जब मरीज का हौसला मजबूत हो।’
नेत्र पदाधिकारी डॉ. सुनील एक्का ने अपने संबोधन में कहा की “हिंडाल्को जैसी कंपनियों का सहयोग समाज के लिए प्रेरणादायी है। निजी क्षेत्र की भागीदारी से ही हम स्वास्थ्य सुविधाओं को और सुदृढ़ बना सकते हैं।” वहीं समाजसेवी राजू राम ने कहा की “गरीब और वंचित तबके तक स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पहुँचाना ही सबसे बड़ी सेवा है। यह कार्यक्रम मरीजों के लिए नई उम्मीद लेकर आया है।” पोषण किट पाकर मरीजों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। मरीजों ने कहा कि इससे उन्हें इलाज के साथ-साथ बेहतर खानपान में सहयोग मिलेगा। ज्ञात हो कि चैनपुर प्रखंड गुमला जिले के शुरुआती एवं दुर्गम क्षेत्रों में गिना जाता है, जहाँ गरीबी और नशे की प्रवृत्ति के कारण टीबी मरीजों की संख्या अपेक्षाकृत अधिक है। ऐसे में इस तरह के कार्यक्रम मरीजों को राहत और प्रोत्साहन देने का कार्य करते हैं।

