अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bihar News: कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत फूलवारिया के पास रविवार देर शाम एनएच-31 पर बड़ा हादसा टल गया। अररिया जिले के कुर्साकांटा प्रखंड से भागलपुर के कुप्पाघाट जा रही यात्री बस अचानक धधक उठी। बस में उस समय करीब 45 यात्री सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फूलवारिया स्कूल के पास अचानक बस के इंजन से धुआं निकलने लगा। चालक ने तुरंत बस रोक दी और यात्रियों को बाहर निकलने का इशारा किया। सभी यात्री समय रहते सुरक्षित बाहर आ गए। कुछ ही मिनटों में बस आग की लपटों में घिर गई और देखते ही देखते पूरी तरह जलकर राख हो गई।
सूचना पाकर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक बस पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी। हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई, जिसे राहत की बात माना जा रहा है।
प्रशासन ने सभी यात्रियों को दूसरी बस की व्यवस्था कर सुरक्षित कुप्पाघाट रवाना किया। इस घटना ने एक बार फिर लंबी दूरी की बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

