अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Hazaribagh News: हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में गैस सिलेंडर चोरी कांड का खुलासा हो गया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी गए छह गैस सिलेंडर बरामद कर लिए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई।
मामला सिंघरावां स्थित सत्यनाम भारत गैस ग्रामीण वितरक एजेंसी का है। एजेंसी संचालक दयानिधि यादव ने चोरी की शिकायत चौपारण थाना में दर्ज कराई थी। इसके आधार पर पुलिस ने चौपारण थाना कांड संख्या 222/25, दिनांक 7 अगस्त 2025 को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (बरही) अजीत कुमार विमल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने लगातार छापेमारी कर 4 सितंबर को टिटही गांव निवासी ओम कुमार (25), मलिकाना निवासी इलियास अंसारी (25) और बरही के अफीम कोठी निवासी विजय गुप्ता (54) को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए गैस सिलेंडर भी बरामद किए गए।
फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं कांड में शामिल अन्य लोगों की तलाश अभी जारी है। इस पूरे अभियान में चौपारण थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी, अनुसंधानकर्ता उप-निरीक्षक दिव्य प्रकाश, सुनील कुमार सिंह और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

