अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
India News: पंजाब के राजनीतिक गलियारे में उस समय भूचाल आ गया, जबकि सोमवार देर रात एक सनसनीखेज घटनाक्रम हो गया। दरअसल आम आदमी पार्टी (AAP) के सनौर विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा पुलिस हिरासत से फायरिंग करते हुए फरार हो गए। गिरफ्तारी के बाद थाने लाते समय उन्होंने और उनके साथियों ने पुलिस पर गोलीबारी की, जिसमें एक कांस्टेबल घायल हो गया।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी अनुसार फरारी के दौरान विधायक ने एक पुलिसकर्मी पर गाड़ी चढ़ाने की भी कोशिश की। विधायक अपने साथियों के साथ स्कॉर्पियो और फॉर्च्यूनर गाड़ियों में फरार हुए। पुलिस ने फॉर्च्यूनर जब्त कर ली है, जबकि पठानमाजरा स्कॉर्पियो से भाग निकले। पुलिस ने आप विधायक को गिरफ्तार करने कई टीमें लगाई हैं। पंजाब पुलिस ने विधायक की फरारी का मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश तेज कर दी गई है। पूरे पटियाला और आसपास के जिलों में नाकेबंदी कर दी गई है।
रेप केस में हुई गिरफ्तारी
यहां बताते चलें कि आप विधायक को उनकी पूर्व पत्नी की शिकायत पर दर्ज पुराने रेप केस में गिरफ्तार किया गया था। यह एफआईआर पटियाला के सिविल लाइंस थाने में दर्ज है। सोमवार को उन्हें हरियाणा के कुरुक्षेत्र से पकड़ा गया, लेकिन थाने लाते समय ही उन्होंने पुलिस पर हमला कर फरार होने की योजना बना ली।
विधायक का वीडियो बयान
फरार होने के बाद पठानमाजरा ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एक पोस्ट के साथ वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि दिल्ली की आप टीम पंजाब पर राज कर रही है और उनकी आवाज दबा रही है। उन्होंने हाल ही में सरकार की बाढ़ राहत नीतियों की आलोचना की थी, जिसके बाद उनकी सुरक्षा भी हटा दी गई थी।
वकील ने बताया राजनीतिक साजिश
आप विधायक के वकील सिमरनजीत सिंह सग्गू ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई पूरी तरह से राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित है। उनका कहना है कि मामला पहले ही हाईकोर्ट में लंबित था और डीआईजी स्तर की जांच भी आदेशित की जा चुकी थी। शिकायतकर्ता ने भी रिश्ते को “लिव-इन रिलेशनशिप” बताया था। बावजूद इसके धारा 376 (बलात्कार) और 420 (धोखाधड़ी) लगाना न्यायिक प्रक्रिया पर सवाल खड़ा करता है।

